Share This Article रायपुर, 24 अगस्त 2026/ Imran Khan Health : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान की सेहत को लेकर दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने चिंता जताई है। भारत के दिग्गज पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत इन पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान को उचित चिकित्सा उपचार और मानवीय देखभाल उपलब्ध कराने की अपील की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का हवाला दिया, जिसके तहत इमरान खान को अस्पताल ले जाकर एक मेडिकल बोर्ड से उनकी स्वास्थ्य जांच कराने की बात कही गई थी। कप्तानों का कहना है कि इमरान खान को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद ही उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया। पत्र के मुताबिक, पूर्व कप्तानों ने इस बात पर चिंता जताई कि कोर्ट के निर्देश के अनुसार जिस मेडिकल बोर्ड को स्वास्थ्य जांच पूरी करनी थी, उसे अपनी प्रक्रिया पूरी करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। दाहिनी आंख की रोशनी को लेकर जताई चिंता कप्तानों ने इमरान खान की दाहिनी आंख की कथित रूप से कम हुई रोशनी को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुरूप उनके स्वास्थ्य की पूर्ण और स्वतंत्र मेडिकल जांच कराई जाए, जिसमें उनके निजी डॉक्टरों को भी शामिल किया जाए। पूर्व कप्तानों की 3 प्रमुख मांगें पत्र में क्रिकेट दिग्गजों ने मुख्य रूप से तीन मांगों पर जोर दिया है, पहला, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की पूरी और स्वतंत्र स्वास्थ्य जांच करने दी जाए। दूसरा, कोर्ट द्वारा बहाल की गई साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकातों को बिना रुकावट लागू किया जाए। और तीसरा, मेडिकल जांच में जिस उपचार की सिफारिश की जाए, उसे बिना देरी उपलब्ध कराया जाए। ‘राजनीतिक वजह से नहीं लिख रहे पत्र’ पूर्व कप्तानों ने स्पष्ट किया कि वे पाकिस्तान की घरेलू राजनीतिक या कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि यह अपील उन्होंने राजनीतिक पक्ष के तौर पर नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर बने पुराने रिश्ते और साथी खिलाड़ी के प्रति चिंता के कारण की है। दूसरी बार लिखा गया पत्र यह पहली बार नहीं है जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर पाकिस्तान सरकार से अपील की है। करीब छह महीने पहले 14 पूर्व कप्तानों ने भी ऐसा पत्र लिखा था। इस बार इस अभियान में सात और पूर्व कप्तान शामिल हुए हैं। इन दिग्गजों ने किए हस्ताक्षर पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में सुनील गावस्कर, कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, एडम गिलक्रिस्ट, एलिस्टर कुक, डेविड गॉवर, क्लाइव लॉयड, नासिर हुसैन, माइकल एथर्टन, एंड्रयू स्ट्रॉस, अर्जुन रणतुंगा, स्टीव वॉ और जॉन राइट समेत कई दिग्गज शामिल हैं। इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों का एक साथ सामने आना इस मामले को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में भी चर्चा का विषय बना रहा है। Share This Article Post navigation भारत-ब्राजील फुटबॉल मुकाबला : युवा खिलाड़ियों के लिए बनेगा यादगार… अर्जेंटीना से हारकर वर्ल्ड कप से बाहर भारत…! 51 साल का इंतजार बरकरार