Share This Article

रायपुर, 28 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन के अदालत में पेश न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। 2022 के एक कथित मारपीट मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव भी अदालत में पेश हुए थे, तो एक मंत्री अदालत में आने से कैसे बच सकता है। कोर्ट ने साफ कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।

‘आप तो सिर्फ मंत्री हैं’

जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन ने सुनवाई के दौरान सवाल किया कि क्या वित्त मंत्री इंग्लैंड के राजा हैं, जो अदालत में पेश नहीं हो सकते ?

कोर्ट ने कहा कि मंत्री को अदालत की कार्यवाही में शामिल होना चाहिए और ऐसा संदेश नहीं जाना चाहिए कि कोई मंत्री कानून से ऊपर है।

पुडुचेरी में दर्ज है मामला

यह मामला पुडुचेरी की लॉस्पेट पुलिस से जुड़ा है। मंत्री के खिलाफ उनकी भाभी कैरलाइन क्लाउड की शिकायत पर कथित मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। मंत्री ने अपने खिलाफ दाखिल चार्जशीट को रद्द करने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया है।

नरसिम्हा राव भी कोर्ट में पेश हुए थे

मंत्री के वकील ने अतिरिक्त चार्जशीट की कॉपी उपलब्ध नहीं कराने की बात कही। इस पर कोर्ट ने कहा कि आरोपी अदालत की कार्यवाही में शामिल होंगे, तभी उन्हें दस्तावेजों की प्रतियां दी जा सकती हैं।

जज ने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए पी.वी. नरसिम्हा राव अदालत में पेश हुए थे।

मध्यस्थता की भी हुई थी कोशिश

मामला पहले भी हाईकोर्ट के सामने आया था। चूंकि शिकायतकर्ता और आरोपी करीबी रिश्तेदार बताए गए, इसलिए अदालत ने विवाद को मध्यस्थता के लिए भेजा था।


Share This Article