Share This Article रायपुर, 29 अगस्त 2026/ Datia Collector Viral Video : मध्य प्रदेश के दतिया जिले से रक्षाबंधन का एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला वीडियो सामने आया है। दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े अपनी पत्नी और बेटे के साथ शहर की एक निर्धन बस्ती में पहुंचे और स्थानीय परिवारों, महिलाओं तथा नन्ही बच्चियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान बस्ती की बहनों और नन्ही-मुन्नी बच्चियों ने कलेक्टर और उनके बेटे की कलाई पर बड़े प्यार और स्नेह के साथ राखी बांधी। इसके बाद जो दृश्य सामने आया, उसने वहां मौजूद लोगों के साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी दिल जीत लिया। बहनों के पैर छूकर लिया आशीर्वाद रक्षासूत्र बंधवाने के बाद कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बहनों के सम्मान में उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उनका यह आत्मीय व्यवहार देखकर लोग भावुक हो गए। कलेक्टर ने बस्ती के परिवारों से बातचीत कर उनका हाल-चाल भी जाना। उनकी पत्नी भी इस खास अवसर की सहभागी बनीं और पूरे परिवार ने स्थानीय लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। कलेक्टर ने शेयर किया भावुक संदेश इस खास पल की तस्वीरें साझा करते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने लिखा कि जब बस्ती की बहनों और नन्ही बच्चियों ने प्यार से राखी बांधी तो रक्षाबंधन खास क्यों न हो। उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खूबसूरती केवल परंपराओं में नहीं, बल्कि रिश्तों, अपनत्व और लोगों से जुड़ने में होती है। कलेक्टर ने बताया कि नन्ही बच्चियों के चेहरे की खुशी, बहनों का स्नेह और परिवारों के अपनापन ने इस रक्षाबंधन को उनके परिवार के लिए यादगार बना दिया। उन्होंने अपने संदेश में भावुक शब्दों में कहा कि कुछ रिश्ते जन्म से मिलते हैं और कुछ रिश्ते स्नेह के छोटे-छोटे धागों से बन जाते हैं। सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कलेक्टर के इस आत्मीय व्यवहार का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने उनकी सादगी और संस्कारों की जमकर सराहना की। एक यूजर ने लिखा कि पद और शक्ति का अहंकार कई बार इंसान के व्यवहार में आ जाता है, लेकिन ऐसे दृश्य लोगों को विनम्रता और संस्कारों का महत्व याद दिलाते हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि राखी बंधवाते हुए तो कई नेताओं और अधिकारियों को देखा गया है, लेकिन बहनों के पैर छूकर सम्मान देने का यह दृश्य खास है। ‘पद चाहे जो भी हो, संस्कार नहीं भूलने चाहिए’ सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस वीडियो को प्रेरणादायक बताया। यूजर्स का कहना है कि यह दृश्य संदेश देता है कि पद चाहे कितना भी बड़ा हो, व्यक्ति को अपने संस्कारों और मानवीय मूल्यों से दूर नहीं होना चाहिए। दतिया कलेक्टर का यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे रक्षाबंधन के असली संदेश- स्नेह, सम्मान और रिश्तों की मजबूती से जोड़कर देख रहे हैं। Share This Article Post navigation MP PWD Circuit House : अब आम लोगों के लिए भी खुले … घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग