Share This Article रायपुर, 29 अगस्त 2026/ Sandipani Vidyalaya : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 29 अगस्त को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बालाघाट जिले के लांजी पहुंचे। यहां उन्होंने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर 10वीं कक्षा के विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। इस दौरान छात्राओं ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को राखी बांधी और बदले में अपने स्कूल को सांदीपनि विद्यालय में परिवर्तित करने की इच्छा जताई। राखी बांधकर मांगा स्कूल के लिए बड़ा तोहफा विद्यालय भ्रमण के दौरान छात्राओं ने मुख्यमंत्री से भावनात्मक अंदाज में अपने स्कूल को सांदीपनि विद्यालय बनाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्राओं को निराश नहीं किया और विद्यालय को सांदीपनि विद्यालय में परिवर्तित करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस फैसले से छात्र-छात्राओं में खुशी देखने को मिली। CM ने पूछा- पानी में क्या डालने से लग जाती है आग? मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कक्षा 10वीं में चल रहे रसायन विज्ञान के पीरियड में भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल किया— “पानी में क्या डालने से आग लग जाती है?” एक छात्रा ने इसका जवाब सोडियम बताया। मुख्यमंत्री ने छात्रा के सही उत्तर की सराहना की। विद्यार्थियों से पूछा- भविष्य में क्या बनना चाहते हो? मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्य को लेकर भी बातचीत की। इस दौरान कई विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बताया कि वे आगे चलकर पीएससी की तैयारी कर अधिकारी बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। छात्रा ने पूछा- CM Rise का नाम सांदीपनि विद्यालय क्यों? कक्षा में एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि CM Rise विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय क्यों रखा गया है? इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और उनके मित्र सुदामा के गुरु महर्षि सांदीपनि से प्रेरणा लेकर इन विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय रखा गया है। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों में गुरु के आश्रम की भावना के अनुरूप अमीर-गरीब के भेदभाव के बिना सभी बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों के साथ खिंचवाई फोटो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति रुचि को देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदयप्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन, विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। Share This Article Post navigation Datia Collector Viral Video : बहनों ने बांधी राखी तो कलेक्टर ने छुए पैर…! पत्नी और बेटे संग बस्ती में मनाया रक्षाबंधन Laptops for Meritorious Students : छात्रों के लिए बड़ी सौगात…! 1.22 लाख विद्यार्थियों को ₹25 हजार…लैपटॉप खरीदने में मिलेगी मदद