HormuzHormuz
Share This Article

रायपुर, 31 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक सुपरटैंकर के बारूदी सुरंगों की चपेट में आने की खबर है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) नौसेना के अनुसार, जलडमरूमध्य से गुजरते समय सुपरटैंकर दो समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गया, जिसके बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। घटना के बाद जहाज पूरी तरह रुक गया।


आईआरजीसी ने अभी तक जहाज की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और न ही उसके चालक दल के सदस्यों के बारे में कोई जानकारी दी है।
आईआरजीसी नौसेना ने एक बयान में कहा कि यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में हुई। उसके अनुसार, सुपरटैंकर निर्धारित सुरक्षा नियमों के विपरीत एक अनधिकृत मार्ग से गुजरने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह दो समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गया और उसमें आग लग गई।


ईरानी बल ने चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्धारित सुरक्षा और नौवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को भी इसी तरह के जोखिम का सामना करना पड़ सकता है।


आईआरजीसी नौसेना ने कहा कि जलडमरूमध्य में आवागमन और नौवहन के लिए उसके द्वारा जारी किए गए नियमों का पालन करना अनिवार्य है। उसने जहाज संचालक कंपनियों से अपील की कि वे सैन्य तनाव के बीच किसी भी उकसावे में आकर अपने जहाजों और संपत्तियों को खतरे में न डालें।


हालांकि, ईरान के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि सुपरटैंकर ने जानबूझकर अनधिकृत मार्ग का इस्तेमाल किया था या उसमें समुद्री बारूदी सुरंगें किसने बिछाई थीं।


यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तेजी से बढ़ रहा है। ईरान के अनुसार, रविवार को अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित लारक द्वीप पर ईरानी रॉकेट प्रक्षेपकों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए थे।


इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जॉर्डन और संयुक्त अरब अमीरात में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक है। इसके रास्ते बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय परिवहन होता है। ऐसे में यहां किसी टैंकर के क्षतिग्रस्त होने की घटना से समुद्री यातायात, ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक तेल बाजार पर असर पडऩे की आशंका बढ़ जाती है।


अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा सैन्य तनाव के बीच इस घटना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। फिलहाल टैंकर के चालक दल की स्थिति और जहाज को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


Share This Article