World Audio Book: An initiative to make education easier for visually impaired students; World Audio Book Team enters the Golden Book.World Audio Book
Share This Article

रायपुर, 03 सितंबर। World Audio Book : दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ की वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। टीम के कार्य को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा- शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए और प्रयास जरूरी

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ में अभी और बहुत कुछ किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को सहज रूप से उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। तकनीक के माध्यम से शिक्षा को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ का प्रयास सराहनीय और अनुकरणीय है।

लोक भवन में टीम के सदस्यों का हुआ सम्मान

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने गुरुवार को लोक भवन में राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने टीम के सभी सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में टीम की उपलब्धि दर्ज होने पर उन्होंने सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

शारदा के नेतृत्व में तैयार हो रहीं 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इस अभिनव अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुश्री के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी। सुश्री शारदा स्वयं अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ इस अभियान में योगदान दे रहे हैं।

ऑडियो अध्ययन सामग्री से आत्मनिर्भर बनेंगे दृष्टिबाधित विद्यार्थी

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ शिक्षा में समान अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ऐसे प्रयासों को और व्यापक बनाने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।

World Audio Book चैनल को 8 लाख से ज्यादा बार देखा गया

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और चैनल को अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी अध्ययन सामग्री तैयार की जा रही है। कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।


Share This Article