Share This Article कांकेर, 08 सितंबर। Anti Naxal Operation : छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच पुराने नक्सली मामलों में न्यायिक कार्रवाई भी तेज होती नजर आ रही है। उत्तर बस्तर के चर्चित नक्सली मामले में DKSZC रैंक के नक्सली लीडर प्रभाकर और उसकी पत्नी व DVCM रैंक की नक्सली राजे कांगे समेत पांच नक्सलियों को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने सजा सुनाई है। अदालत ने प्रभाकर और राजे कांगे को 7-7 साल के कारावास की सजा सुनाई है। वहीं मामले में शामिल अन्य तीन नक्सलियों को 5-5 साल की जेल की सजा दी गई है। 2015 में सर्चिंग पार्टी पर हुआ था हमला यह मामला वर्ष 2015 में कोरर क्षेत्र में सर्चिंग पार्टी पर हुए नक्सली हमले से जुड़ा है। घटना के बाद प्रभाकर, राजे कांगे समेत अन्य नक्सलियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। लंबे समय तक चले जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद अब इस मामले में अदालत का फैसला सामने आया है। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान वर्ष 2024 में प्रभाकर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसकी पत्नी राजे कांगे भी पुलिस के हत्थे चढ़ी। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए और न्यायालय में चालान पेश किया। प्रभाकर-राजे पर दर्ज हैं करीब 60 अपराध कांकेर एसपी निखिल राखेचा के मुताबिक, प्रभाकर और राजे कांगे के खिलाफ करीब 60 अपराध दर्ज हैं। जांच के दौरान कोरर मुठभेड़ से जुड़े मामले में दोनों की कथित संलिप्तता के महत्वपूर्ण साक्ष्य भी सामने आए थे। प्रभाकर को लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियां तलाश रही थीं। उसके खिलाफ 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि उसकी पत्नी राजे कांगे पर 8 लाख रुपये का इनाम था। अदालत की सजा को अहम कार्रवाई माना जा रहा पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी है। इसी बीच पुराने मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, जांच और अदालत में प्रभावी पैरवी के जरिए न्यायिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रभाकर और राजे कांगे जैसे इनामी नक्सली दंपत्ति को अदालत से सजा मिलना नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे लंबे समय से लंबित मामलों में कानूनी कार्रवाई को गति मिलने का संकेत भी माना जा रहा है। Share This Article Post navigation Local Holiday Breaking : छत्तीसगढ़ में लोकल हॉलिडे को लेकर बड़ा अपडेट, नुआखाई की छुट्टी की तारीख में संशोधन, नया आदेश जारी CG Congress News : निकाय चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने जारी की पर्यवेक्षकों की लिस्ट, नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए नियुक्त किए पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक…देखे लिस्ट