Share This Article नवा रायपुर अटल नगर, 13 सितंबर 2026। Conscious Capitalism : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के उद्योग एवं व्यापार प्रभाग की ओर से सेक्टर-20 स्थित शांति शिखर के भव्य सभागार में अखिल भारतीय उद्योगपति एवं व्यापारी महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का विषय ‘सचेत पूंजीवाद-दिशाहीन दुनिया में मकसद के साथ प्रॉफिट’ (Conscious Capitalism – Profit with Purpose in a Distracted World) रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपति, व्यवसायी और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सम्मेलन में व्यवसाय के साथ सामाजिक सरोकार, कॉन्शियस लीडरशिप और आत्म-रूपांतरण जैसे विषयों पर मंथन किया गया। व्यवसाय में धर्म और सेवा जोड़ने पर जोर सम्मेलन के मुख्य वक्ता हरि कृष्णा एक्सपोर्ट्स, सूरत के फाउंडर और पद्मश्री सम्मानित हीरा व्यापारी सावजी भाई ढोलकिया ने कहा कि धर्म के लिए अलग से कुछ करने की जरूरत नहीं है, बल्कि व्यवसाय में ही धर्म और सामाजिक सरोकार को जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल धन संचय करने से जीवन में वास्तविक प्रेरणा और खुशी नहीं मिलती, बल्कि दूसरों के लिए देने की भावना से सच्चा आनंद मिलता है। संपत्ति और समय का 10 प्रतिशत समाज को देने का आह्वान सावजी भाई ढोलकिया ने अपने जीवन और व्यापार से जुड़े अनुभव साझा करते हुए जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब तक 208 बड़े सरोवरों का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी संपत्ति, समय, समझ और श्रम का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा समाज और राष्ट्रहित में योगदान के लिए समर्पित करे। डिजिटल डिस्ट्रेक्शन के दौर में मेडिटेशन को बताया पोर्टेबल चार्जर विराज प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई के चेयरमैन नीरज राजा कोचर ने कहा कि वह अपने कर्मचारियों को केवल वर्कर नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा मानते हैं। उन्होंने लोगों को राजयोग मेडिटेशन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ और डिजिटल डिस्ट्रेक्शन के दौर में सुबह और शाम थोड़ा समय निकालकर राजयोग करना जरूरी है। राजयोग को उन्होंने मन और जीवन को ऊर्जा देने वाला ‘पोर्टेबल चार्जर’ बताया। आत्म-रूपांतरण से विश्व परिवर्तन का संदेश वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी क्रीना दीदी ने ब्रह्माकुमारीज के संस्थापक पिताश्री प्रजापिता ब्रह्मा बाबा के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ब्रह्मा बाबा सिंध-हैदराबाद के एक सफल हीरा व्यापारी थे, लेकिन जीवन के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचने के बाद भी उन्होंने आत्म-रूपांतरण का मार्ग चुना। उन्होंने कहा कि सच्ची लीडरशिप दूसरों पर शासन करना नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर दूसरों को प्रेरित करना है। सम्मेलन की शुरुआत रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी के स्वागत संबोधन से हुई। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ राज्य केंद्रीय औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुंबई के ब्रह्माकुमार हरीश भाई, अविनाश ग्रुप के आनंद सिंघानिया, भिलाई केंद्र की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी, सारडा मिनरल्स के चेयरमैन कमल सारडा, गोयल ग्रुप के वीरेंद्र गोयल और कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी ने भी संबोधित किया। कुमारी शारदा नाथ ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि बाल कलाकारों ने स्वागत नृत्य पेश किया। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी रश्मि दीदी ने किया। Share This Article Post navigation BRICS में भारत का विजन : व्यापार की बाधाएं हटें…100 स्टार्टअप हर साल ग्लोबल बनें….PM ने रखा आर्थिक विकास और वैश्विक व्यापार का रोडमैप Tara Coal Block : तारा कोल ब्लॉक की अभी केवल हुई है नीलामी…! वन-पर्यावरण स्वीकृति समेत सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही शुरू हो सकेगा खनन