Share This Article रायपुर, 13 सितंबर। NIT Raipur Japan Delegation : रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT Raipur) में भारत और जापान के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में खास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। एहिमे विश्वविद्यालय, मात्सुयामा, जापान के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का 12 सितंबर 2026 को संस्थान में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। तीन दिवसीय कल्चरल एंड एकेडमिक एक्सचेंज कार्यक्रम 12 से 14 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। NIT रायपुर में जापानी मेहमानों का भव्य स्वागत जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर में संस्थान के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। इसके बाद NIT रायपुर में स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और जापान के बीच शैक्षणिक सहयोग, सांस्कृतिक समझ और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करना है। कार्यक्रम संस्थान के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। भारत-जापान संबंधों पर डॉ. समीर बाजपेयी ने रखी बात कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी डॉ. समीर बाजपेयी, एहिमे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रतिनिधिमंडल प्रमुख डॉ. अकीरा यामानाका, डीन डॉ. एस. सान्याल, डॉ. जी.डी. रामटेककर, डॉ. मनोज कुमार चोपकर तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एवं कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया सहित फैकल्टी सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे। स्वागत संबोधन में डॉ. समीर बाजपेयी ने भारत और जापान के मजबूत संबंधों पर प्रकाश डाला और जापानी भाषा में मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते केवल राजनीतिक और आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बौद्ध धर्म और साझा सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़े हैं। भारतीय बौद्ध भिक्षु बोधिसेन के जापान से ऐतिहासिक संबंध का भी उन्होंने उल्लेख किया। भरतनाट्यम से सितार तक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां कार्यक्रम में भारत और जापान की संस्कृति एवं कला की खूबसूरत झलक देखने को मिली। NIT रायपुर के रागा म्यूजिक क्लब और नृत्यम क्लब ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। रागा क्लब के सदस्य ने सितार पर ‘पधारो म्हारे देश’ की प्रस्तुति दी, जबकि नृत्यम क्लब ने ‘ग्रेस ऑफ भरतनाट्यम’ के जरिए भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता प्रस्तुत की। इसके बाद एहिमे विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी आकर्षक गीत की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दोनों देशों के विद्यार्थियों के बीच आपसी जुड़ाव और मित्रता की भावना को और मजबूत किया। साइंस प्रोग्राम, लैब और स्टार्टअप इकोसिस्टम का होगा भ्रमण एहिमे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल के लिए आगामी कार्यक्रमों में संस्थान के साइंस प्रोग्राम, विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की प्रयोगशालाओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम का भ्रमण शामिल है। इसके साथ ही रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण भी कराया जाएगा। एहिमे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल प्रमुख डॉ. अकीरा यामानाका ने कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने भारत आकर यहां की संस्कृति और लोगों को करीब से जानने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। यह तीन दिवसीय आदान-प्रदान कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए भारत-जापान की शिक्षा, संस्कृति और सहयोग को करीब से समझने का महत्वपूर्ण अवसर बन रहा है। Share This Article Post navigation Seva Sankalp Abhiyan : सेवा संकल्प अभियान…! 17 सितंबर को 25 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाएगा रायपुर Job Fraud Case : चपरासी की सरकारी नौकरी का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, 8 साल पुराने मामले में आरोपी गिरफ्तार