Share This Article

नई दिल्ली, 16 सितंबर 2026। Naval Clash : उत्तरी अरब सागर में भारतीय नौसेना के एक फ्रंटलाइन युद्धपोत और पाकिस्तानी नौसेना के जहाज के बीच टक्कर की घटना सामने आई है। घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान के चार्ज डी’अफेयर्स साद अहमद वारैच को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई के व्यवहार को अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सावधानी बरतने को कहा है।

भारत ने पाकिस्तानी राजनयिक को किया तलब

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, साद अहमद वारैच को बुलाकर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पाकिस्तानी नौसेना की इकाइयों के कथित गैर-पेशेवर व्यवहार पर विरोध दर्ज कराया गया। मंत्रालय ने कहा कि संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि सैन्य इकाइयां समुद्र में उचित सावधानी बरतें और भारत-पाकिस्तान के बीच लागू समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें।

1991 के समझौते के अनुच्छेद 10 का हवाला

भारत ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का व्यवहार 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का उल्लंघन है। यह प्रावधान सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैनिकों की आवाजाही से संबंधित गतिविधियों के बारे में पहले से सूचना देने से जुड़ा है। विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस्लामाबाद में मौजूद भारत के चार्ज डी’अफेयर्स को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

उत्तरी अरब सागर में कैसे हुई टक्कर?

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना मंगलवार 15 सितंबर की शाम उत्तरी अरब सागर में हुई। भारतीय नौसेना का एक फ्रंटलाइन युद्धपोत रूटीन निगरानी मिशन पर तैनात था। इसी दौरान पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज भारतीय पोत के पास पहुंचा और दोनों के बीच टक्कर हो गई। सामने आई जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी जहाज ओमान से करीब 220 किलोमीटर पूर्व में भारतीय जहाज के पास से तेज गति से आया था।

टक्कर के बाद किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं

घटना को लेकर सामने आई जानकारी में पाकिस्तानी जहाज की गतिविधि को असुरक्षित और गैर-पेशेवर बताया गया है। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भारतीय पक्ष ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सैन्य इकाइयों को उचित सावधानी बरतने और द्विपक्षीय समझौतों का पालन करने पर जोर दिया है।


Share This Article