Ujjain Development NewsUjjain Development News
Share This Article

भोपाल, 27 सितंबर 2026। Ujjain Development News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन के महाकाल महालोक में आयोजित कार्यक्रम में 173 करोड़ रुपये लागत के 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन यानी अवंतिका का व्यापार, व्यवसाय और वैभव सदियों से इसकी पहचान रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के समान विकास के लिए काम कर रही है और उज्जैन के विकास में शहरवासियों का भी सहयोग मिल रहा है।

15 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 3 कार्यों का लोकार्पण किया। भूमिपूजन किए गए कार्यों की कुल लागत 153.31 करोड़ रुपये है। इनमें नगर निगम के 8 प्रमुख कार्य शामिल हैं, जिनमें गौशाला मार्ग से शिप्रा विहार मार्ग निर्माण, महाकाल लोक क्षेत्र में पार्किंग सुविधा, श्री महाकाल मंदिर परिसर का विकास और क्षिप्रा नदी के घाटों का जीर्णोद्धार जैसे काम शामिल हैं।

पुलिस आवास से लेकर पर्यटन विकास तक काम

विकास कार्यों में उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा महाकाल मंदिर के पीछे लैंडस्केपिंग, पुलिस विभाग द्वारा चिंतामण जवासिया में पुलिस आवास और उन्हेल में थाना भवन का निर्माण तथा पर्यटन विभाग द्वारा 45 नगरीय वनों का विकास शामिल है। इन परियोजनाओं के जरिए शहर में अधोसंरचना, सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने की योजना है।

तीन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

कार्यक्रम में 19.56 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें पुलिस आवास अधोसंरचना विकास निगम द्वारा नीलगंगा और उन्हेल में निर्मित पुलिस आवास एवं थाना भवन तथा ऊर्जा विभाग द्वारा बड़नगर में बनाया गया 33/11 केवी उपकेंद्र शामिल है।

उज्जैन को जल्द मिलेगी मेट्रो की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन को जल्द ही मेट्रो ट्रेन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट प्रकाशित होने और ग्वालियर को नई मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर-भोपाल-जबलपुर तक औद्योगिक गलियारा विकसित होने से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

श्रद्धालुओं के लिए 10 PM ई-बस शुरू

उज्जैन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए उज्जैन दर्शन के तहत 10 नई पीएम ई-बस सेवाओं का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम परिवहन सेवाओं के विस्तार के तहत यात्री बस सेवाओं को एक शहर से दूसरे शहर और एक राज्य से दूसरे राज्य तक विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद डॉ. लता वानखेड़े और महापौर मुकेश टटवाल समेत जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


Share This Article