Share This Article अहमदाबाद, 03 अक्टूबर। Bullet Train News : मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण में एक और अहम पड़ाव पूरा हो गया है। अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। करीब 36 मीटर ऊंचा यह पुल लगभग 12 मंजिला इमारत के बराबर है और बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रमुख संरचनाओं में शामिल है। मौजूदा रेल और मेट्रो ढांचे के बीच बना महत्वपूर्ण पुल साबरमती नदी पर बना यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है। साबरमती स्टेशन से इसकी दूरी करीब 1 किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से करीब 4 किलोमीटर है। कॉरिडोर के अलाइनमेंट में कई मौजूदा फ्लाईओवर, रेलवे लाइन, पुल और मेट्रो कॉरिडोर आते हैं। इन्हीं संरचनाओं के बीच आवश्यक ऊंचाई और वर्टिकल क्लियरेंस बनाए रखने के लिए पुल के पियर्स को ऊंचा रखा गया है। नदी के भीतर सिर्फ चार पियर्स पुल में कुल 8 सर्कुलर पियर्स बनाए गए हैं, जिनका व्यास 6 से 6.5 मीटर के बीच है। इनमें चार पियर्स नदी तल के भीतर, दो नदी के दोनों किनारों पर और दो किनारों के बाहर बनाए गए हैं। पियर्स की स्थिति इस तरह तय की गई है कि नदी के जल प्रवाह में कम से कम रुकावट हो। 76 मीटर के लंबे स्पैन ने घटाई पियर्स की संख्या साबरमती पुल की खासियत इसके लंबे स्पैन हैं। जहां बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के अधिकांश नदी पुलों में करीब 40 मीटर के स्पैन हैं, वहीं इस पुल में 76 मीटर के पांच और 50 मीटर के दो स्पैन बनाए गए हैं। प्रत्येक स्पैन में 23 सेगमेंट हैं, जिन्हें निर्माण स्थल पर इन-सिटू कास्ट किया गया। इसके लिए सटीक इंजीनियरिंग, प्रशिक्षित श्रमशक्ति और निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता जांच की गई। बिना पारंपरिक स्कैफोल्डिंग के तैयार हुआ डेक पुल का निर्माण बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड से किया गया है। इस तकनीक में नदी के भीतर डेक के नीचे पारंपरिक स्कैफोल्डिंग लगाए बिना लंबे स्पैन वाले पुल का निर्माण किया जा सकता है। पियर्स के दोनों ओर से सेगमेंट को क्रमशः स्थापित किया गया और पोस्ट-टेंशनिंग के जरिए जोड़ा गया। दोनों तरफ संतुलित तरीके से निर्माण कर लगातार ब्रिज डेक तैयार किया गया। गुजरात में 18 नदी पुल पूरे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में कुल 25 नदी पुल बनाए जाने हैं। इनमें 21 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में हैं। गुजरात में प्रस्तावित 21 नदी पुलों में से 18 का निर्माण पूरा हो चुका है। साबरमती नदी पुल का पूरा होना कॉरिडोर के अहम निर्माण कार्यों में एक और महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में सामने आया है। Share This Article Post navigation फ्लाईदुबई संकट में जान बचाने वाले कैप्टन को PM मोदी ने सराहा…बोले- “हम हिंदुस्तानी जान लेने वाले लोग नहीं, बल्कि जान बचाने वाले लोग हैं।” CG Investment : सिंगापुर पहुंचे CM विष्णु देव साय, SING Forum में वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे निवेश के अवसर