Share This Article रायपुर, 07 अक्टूबर 2026। ETrendingIndia / वायुसेना उपप्रमुख के पद पर कार्यरत एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम 29वें वायुसेना प्रमुख होंगे। वे 31 अक्टूबर को एयर चीफ मार्शल के पद का कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। 09 दिसम्बर, 1966 को जन्मे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 06 दिसम्बर, 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन प्रदान किया गया था। वायुसेना उपप्रमुख का पदभार संभालने से पहले एयर मार्शल दीक्षित ने मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (एचक्यू आईडीएस) में चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ टू द चेयरमैन, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीआईएससी) और एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल एयर कमांड के रूप में कार्य किया है। एयर मार्शल राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र रह चुके हैं। उन्हें विभिन्न प्रकार के विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक का व्यापक उड़ान अनुभव है, जिनमें मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस शामिल हैं। वे एक प्रायोगिक परीक्षण पायलट और योग्य उड़ान प्रशिक्षक हैं। लगभग चार दशकों के अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने ऑपरेशन सटेड सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित अनेक अभियानों और सैन्य अभ्यासों में सक्रिय रूप से भाग लिया है। अपने शानदार सेवाकाल के दौरान एयर मार्शल ने विभिन्न महत्वपूर्ण फील्ड और स्टाफ पदों पर कार्य किया है। उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र में एक अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू वायुसेना स्टेशन तथा दक्षिणी क्षेत्र में एक प्रमुख लड़ाकू प्रशिक्षण स्टेशन की कमान संभाली। विभिन्न क्षमताओं में एयर ऑफिसर के योगदान से भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है। उनकी अनुकरणीय और विशिष्ट सेवा के सम्मान में उन्हें वर्ष 2006 में वायु सेना मेडल, वर्ष 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, वर्ष 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और वर्ष 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया। Share This Article Post navigation नवी मुंबई एयरपोर्ट पर टर्मिनल के अंदर ही होटल…! 4 घंटे से रातभर तक ठहरने की सुविधा… पारादीप तट : आज से राष्ट्रीय समुद्री खोज और बचाव अभ्यास