Share This Article रायपुर, 07 अक्टूबर 2026। Kabirdham BEO Notice : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट और ई-केवाईसी पूरा नहीं होने के कारण छात्रवृत्ति समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। मामले में खराब प्रगति को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जिले के सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। पंडरिया में सबसे ज्यादा बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट लंबित जिले के चारों विकासखंडों में बायोमेट्रिक अपडेट की स्थिति चिंताजनक बताई गई है। आंकड़ों के अनुसार पंडरिया में 4,408 बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इसके बाद कवर्धा में 2,733, बोड़ला में 2,538 और सहसपुर लोहारा में 1,842 बच्चों का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है। इनमें 5 से 15 वर्ष की उम्र के 8,317 बच्चे और 15 वर्ष से अधिक उम्र के 3,204 छात्र शामिल हैं। 20 हजार से ज्यादा बच्चों का आधार रजिस्ट्रेशन भी लंबित जिले में 20 हजार से अधिक ऐसे बच्चे भी चिन्हित किए गए हैं, जिनका अब तक आधार बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन या ई-केवाईसी नहीं हुआ है। समय पर आधार अपडेट नहीं होने से इन बच्चों को छात्रवृत्ति समेत दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा स्कूली रिकॉर्ड और बोर्ड परीक्षा के फॉर्म से जुड़ी प्रक्रियाओं पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। सभी BEO से मांगा गया जवाब खराब प्रगति को देखते हुए कबीरधाम कलेक्टर ने जिले के सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिक्षा विभाग की ओर से स्थिति सुधारने के लिए अलग-अलग स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। हालांकि ग्रामीण और मैदानी क्षेत्रों के कई स्कूलों में अब तक शिविर नहीं लगाए जाने की बात भी सामने आई है। विभाग को लंबित बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीईओ ने पालकों से की अपील जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा ने माना कि जिले में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने बताया कि बच्चों का अपडेट पूरा कराने के लिए स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीईओ ने पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट और ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूरा कराएं, ताकि छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित न हो। Share This Article Post navigation OICL Blacklist : हेलीकॉप्टर बीमा क्लेम में लंबी देरी पर छत्तीसगढ़ सरकार सख्त, ओरिएंटल इंश्योरेंस 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट Jan Seva : सेवा ज्योति यात्रा में CM साय का बड़ा ऐलान, प्रदेश के 38 स्थानों पर बनेंगे संकल्प चौक