Share This Article

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026। OICL Blacklist : छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय हेलीकॉप्टर के बीमा दावे को लंबे समय तक लंबित रखने के मामले में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विमानन संचालनालय ने कंपनी को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। सरकार के अनुसार, मई 2022 में रायपुर एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हुए सरकारी हेलीकॉप्टर का बीमा दावा चार साल से अधिक समय तक लंबित रहा और अगस्त 2026 में इसे अस्वीकार कर दिया गया।

चार साल तक नहीं हुआ दावे का निराकरण

राज्य सरकार ने बताया कि हेलीकॉप्टर का बीमा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से कराया गया था और बीमा प्रीमियम का पूरा भुगतान किया गया था। हादसे के बाद नियमानुसार बीमा दावा पेश किया गया, लेकिन लंबे समय तक उसका निपटारा नहीं हुआ। चार साल से अधिक समय बीतने के बाद कंपनी ने अगस्त 2026 में दावा खारिज कर दिया।

सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ा था मामला

विमानन संचालनालय ने मामले की समीक्षा के दौरान बीमा दावे के निपटारे में हुई देरी को गंभीरता से लिया। शासन के मुताबिक हेलीकॉप्टर सरकारी संपत्ति है और इसके बीमा में सार्वजनिक धन का इस्तेमाल होता है। ऐसे में दावे को लंबे समय तक लंबित रखने से राज्य के वित्तीय हित प्रभावित हो सकते हैं।

नोटिस और सुनवाई के बाद हुआ फैसला

सरकार ने कार्रवाई से पहले कंपनी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया। ओरिएंटल इंश्योरेंस को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जिसके जवाब में कंपनी ने लिखित पक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद कंपनी को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया गया। उपलब्ध दस्तावेजों और कंपनी के जवाब पर विचार करने के बाद विमानन संचालनालय ने कारणों सहित आदेश जारी किया।

बीमा राशि की वसूली के लिए जारी रहेगी प्रक्रिया

तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किए जाने के बावजूद बीमा राशि की वसूली का मामला अलग से जारी रहेगा। राज्य सरकार का कहना है कि अपने वित्तीय हितों और सार्वजनिक धन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति और सार्वजनिक धन से जुड़े मामलों में सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही तय की जाएगी और अनावश्यक देरी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।


Share This Article