Share This Article रायपुर, 07 अक्टूबर 2026। Jan Seva : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने का ऐलान किया। मशाल लेकर CM साय ने किया यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया। 25 वर्षों की जनसेवा को बताया प्रेरक यात्रा मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की। सेवा संकल्प अभियान में प्रदेशभर की भागीदारी मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई थी। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि नागरिकों का सामूहिक संकल्प है। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के विकास की दिशा तय की है। प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सिंगापुर दौरे और वैश्विक निवेश अवसरों का उल्लेख मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप राज्यों को दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करने चाहिए। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ ने प्रथम ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी की। उन्होंने कहा कि सिंगापुर में उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ रहा है और इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को भी मिल रहा है। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा काल पर प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं और नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। Share This Article Post navigation Kabirdham BEO Notice : बायोमेट्रिक अपडेट नहीं होने से हजारों बच्चों की छात्रवृत्ति अटकी, सभी BEO को नोटिस LAND USE RULES: छत्तीसगढ़ में 1984 के Land Use Rules बदले…! अब आम आदमी के लिए जमीन इस्तेमाल के नियम आसान; राजपत्र में भी हुआ प्रकाशन