Share This Article कोरबा, 10 अक्टूबर 2026। Korba Navratri Guidelines : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नवरात्रि और दुर्गा पूजा आयोजनों को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और दुर्गा पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया है। वहीं, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान DJ बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा पंडालों में CCTV और महिला सुरक्षा पर जोर नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने गरबा, डांडिया एवं दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक की। बैठक में अपर कलेक्टर एवं एडीएम देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी मौजूद रहे। प्रशासन ने आयोजन स्थलों पर CCTV कैमरे लगाने और प्रवेश-निकास द्वारों सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिला सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक उपचार और आपात स्थिति में निकासी के लिए रास्ते खुले रखने को कहा गया। सड़क पर जाम से बचने पार्किंग की व्यवस्था जरूरी गरबा-डांडिया और दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए समितियों को वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान तय करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य मार्गों पर आवागमन सुचारु रखने और आयोजन से संबंधित आवश्यक अनुमतियां लेने के साथ उनकी शर्तों का पालन करना भी जरूरी होगा। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध प्रशासन ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान DJ का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए हैं। प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित मार्ग और समय-सीमा के भीतर शांतिपूर्ण तरीके से करना होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी निर्धारित ध्वनि सीमा और समय के अनुसार ही किया जा सकेगा। निर्देशों में कोलाहल नियंत्रण संबंधी कानून, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियम, 2000 तथा न्यायालयों और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के लागू आदेशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। हुड़दंग और अभद्रता करने वालों पर होगी कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि आयोजनों के दौरान हुड़दंग, विवाद, अभद्र व्यवहार या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोजन समितियों को अनुशासन बनाए रखने और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने की हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर पुलिस को दें सूचना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने नागरिकों तथा आयोजन समितियों से नवरात्रि पर्व की गरिमा बनाए रखने और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और ध्वनि संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आयोजन समितियों को भी याद दिलाई है। Share This Article Post navigation Mahtari Vandan Yojana : बदली नादो साहू की जिंदगी…दोगुनी हुई दुकान से कमाई CG Sugarcane Price : गन्ना किसानों के लिए बड़ा फैसला, अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी, पुराने भुगतान पर भी मिलेगा लाभ