Drinking AlcoholDrinking Alcohol
Share This Article

जांजगीर-चांपा, 24 अक्टूबर 2026। Drinking Alcohol : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से पार्षद समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, उनके साथ शराब पीने वाले दो अन्य युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।

चार दोस्तों ने एक साथ पी थी शराब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला पामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे चारों दोस्त पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। कुछ समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।

बिलासपुर के अस्पतालों में उपचार के दौरान मौत

तबीयत बिगड़ने के बाद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, राम खिलावन जांगड़े की सिम्स में और जोहित खरे की अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

दो अन्य युवकों का इलाज जारी

घटना में शामिल अन्य दो युवकों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों का उपचार जारी है। चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, शराब में जहरीला पदार्थ मिला होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनकी तबीयत बिगड़ने और मौत के पीछे कौन-सा कारण जिम्मेदार था।


Share This Article