CG NewsCG News
Share This Article

रायगढ़, 27 अक्टूबर 2026। CG News : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी राशन दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुसौर पुलिस ने GPS ट्रैकर की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और चोरी में इस्तेमाल क्रेटा व इनोवा कार जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त संपत्ति की कुल कीमत 38.60 लाख रुपये है।

GPS ट्रैकर ने खोला चोरी का राज

पुसौर थाना क्षेत्र की राशन दुकानों में लगातार चोरी हो रही थी। चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने दुकान संचालकों को GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी। इसी दौरान शक्कर की एक बोरी में ट्रैकर लगाया गया। 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की राशन दुकान में चोरी हुई और आरोपी ट्रैकर लगी बोरी भी ले गए। GPS लोकेशन का पीछा करते हुए पुलिस पत्थलगांव पहुंची, जहां से चोरी की बोरी बरामद हुई।

पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस ने समीर आलम, मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी, डमरूधर खूंटे और सेवाल कुजूर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, चार आरोपियों पर चोरी में शामिल होने और एक आरोपी पर चोरी का माल खरीदने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में पुसौर क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

चावल, शक्कर और दो कारें जब्त

पुलिस के अनुसार, बरामद 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर की अनुमानित कीमत 3.60 लाख रुपये है। वहीं, चोरी में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा कार की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

अन्य वारदातों की भी जांच

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पुसौर, घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।


Share This Article