Share This Article

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में मोबाइल देखने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में 16 वर्षीय छोटे भाई की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात कैलाश सोरी और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कैलाश ने डंडे से कुंदन के सिर और पीठ पर वार कर दिया। चोट लगने से कुंदन जमीन पर गिर गया। उसके माथे और पैर में भी चोट आई। बाद में उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टर से मिली शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश सोरी, पिता जैतराम सोरी, निवासी ग्राम फरसगांव को गिरफ्तार कर लिया। मृतक कुंदन सोरी भी जैतराम सोरी का पुत्र था।


धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक और आपसी विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें तथा विवाद को हिंसक रूप लेने से रोकने के लिए शांति और समझदारी से काम लें।


Share This Article