Share This Article रायपुर, 30 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / 13वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के दिव्यांग खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक हासिल किए हैं। खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का परिचय देते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर आज खिलाडिय़ों ने कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने सभी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने खिलाडिय़ों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाडिय़ों ने अपनी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता अन्य खिलाडिय़ों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खिलाडिय़ों को भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने तथा जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए उन्हें प्रोत्साहित करेगी। तीन खिलाडिय़ों ने जीते 4 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक 13वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में किया गया था। प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के खिलाडिय़ों ने विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में सुखचैन निषाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर फ्रीस्टाइल एवं 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। इसी प्रकार खिलेश्वर पटेल ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक तथा 50 मीटर फ्रीस्टाइल एवं 50 मीटर बैकस्ट्रोक में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, सुखनंदन निषाद ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक तथा 50 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार कबीरधाम जिले के तीनों खिलाडिय़ों ने संयुक्त रूप से 4 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 8 पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से मिली सफलता खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि के पीछे निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोच वसीम रजा कुरैशी एवं राजेश निर्मलकर तथा टीम मैनेजर अनिल चंद्रवंशी ने खिलाडिय़ों के नियमित प्रशिक्षण, मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों ने लगातार अभ्यास और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाडिय़ों से बेहतर परिणाम हासिल करने की उम्मीद जताई। समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती अभिलाषा पंडा ने भी सभी खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाडिय़ों को आगे भी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। Share This Article Post navigation खेत बचाओ अभियान : मिट्टी की सेहत सुधारने वैज्ञानिकों ने किसानों को दिए जरूरी सुझाव जशपुर के 14 उत्कृष्ट शिक्षक टॉप टीचर अवार्ड 2026 से सम्मानित, कलेक्टर ने बताया जिले का रोल मॉडल