Share This Article

 रायपुर, 30 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने में योगदान देने वाले 14 शिक्षकों को टॉप टीचर अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पर्क फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में कलेक्टर रोहित व्यास ने शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया।


इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि सम्मानित शिक्षक जिले के रोल मॉडल हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासकीय विद्यालयों में पढऩे वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
कलेक्टर ने माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान विषय की पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल संसाधनों की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रारंभिक चरण में 100 माध्यमिक विद्यालयों में टीवी लगाने की योजना पर काम कर रहा है। उन्होंने सम्पर्क फाउंडेशन के संस्थापक विनीत नायर और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।


जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है। साथ ही अन्य शिक्षक भी प्रेरित होकर अपने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।


कार्यक्रम में शिक्षक लव कुमार और शिक्षिका सुनैना तिर्की ने अपने विद्यालयों में सम्पर्क फाउंडेशन के शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग से आए बदलावों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि डिजिटल सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ी है। इससे कठिन विषयों और अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने में भी मदद मिल रही है।


इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा, सम्पर्क फाउंडेशन के झारखंड राज्य प्रमुख अमित कुमार, बिलासपुर जिला समन्वयक ओमनाथ रात्रे, जशपुर जिला समन्वयक दिव्या पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Share This Article