Durg CrimeDurg Crime
Share This Article

दुर्ग, 1 नवंबर 2026। Durg Crime : डॉक्टर के घर से करोड़ों की चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने चोरी के बाद नकदी और आभूषण छिपाने के लिए घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदा, जबकि सोने के कुछ गहनों को भट्ठी में गलाकर उनकी पहचान बदलने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है और 47 लाख 64 हजार रुपये नकद सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया है। हालांकि, वारदात का कथित मास्टरमाइंड राहुल बंसोड़ अब भी फरार है।

एक सप्ताह के लिए बाहर गया था डॉक्टर का परिवार

चोरी की यह वारदात वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर की है। डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर की सुबह जब वे लौटीं, तो घर की अलमारी से नकदी और सोने, चांदी व हीरे के आभूषण गायब थे। चोरी की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की।

गंगा नदी पार कर पुलिस से बचने की कोशिश

जांच में राहुल बंसोड़ का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया और नागपुर में उसकी तलाश की। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से आरोपियों के उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और भदोही में होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रयागराज और मिर्जापुर के बीच लगातार ठिकाने बदल रहे थे। वे गंगा नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक नाव से आवाजाही कर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

प्रदीप की निशानदेही पर खुला छिपाए गए माल का राज

पुलिस ने प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर नकदी और सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, प्रदीप ने अपने हिस्से का माल घर के कमरे में फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाया था। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ सोने के गहने उसने भदोही के वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को कम कीमत पर बेचे थे।

ज्वेलर्स पर गहने गलाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सोनू जायसवाल ने कुछ चोरी के आभूषणों को अपने घर में रखी भट्ठी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। जांच में प्रदीप के रिश्तेदार सुजीत सिंह उर्फ बाबू की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि उसने चोरी के गहनों की बिक्री कराने, माल खपाने और आरोपियों की मदद करने के बदले लाखों रुपये लिए।

चोरी के पैसों से खरीदी कार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल बंसोड़ भिलाई से भागकर गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर और प्रयागराज होते हुए दिल्ली पहुंचा था। वहां उसने कथित तौर पर चोरी की रकम से सेकंड हैंड कार खरीदी। कार का नंबर DL-10-N-1411 बताया गया है। दूसरी ओर, प्रदीप ने करीब एक लाख रुपये की सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदी थी। चोरी की रकम घर में बोरिंग कराने, मरम्मत और मोटर पंप लगाने में भी खर्च की गई। पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है, जबकि राहुल बंसोड़ की तलाश जारी है।


Share This Article
Advertisement Carousel