Share This Article दुर्ग, 5 नवंबर 2026। Diwali Sweet Inspection : दिवाली के त्योहार से पहले दुर्ग जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है। इस दौरान स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई और पुलगांव चौक स्थित बालाजी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खराब होने की आशंका वाली और बासी मिठाइयां मिलने पर विभाग की टीम ने कुल 115 किलो मिठाई नष्ट कराई। वहीं, दुकानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। बालाजी और जायका मिठाई में मिली पुरानी मिठाइयां खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बालाजी स्वीट्स से कुंदा और कलाकंद दाना के नमूने लिए। इसके साथ ही खराब होने की आशंका के चलते करीब 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट कराया गया। वहीं, स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई से 15 किलो बासी गुलाब जामुन नष्ट कराए गए। इस तरह दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 115 किलो मिठाई हटाई गई। अन्य बड़े प्रतिष्ठानों में भी जांच जारी खाद्य विभाग की टीम शहर के अन्य मिठाई प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण कर रही है। इनमें सत्यम, जलाराम और तृप्ति जैसे बड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार नियमित जांच और निगरानी के चलते दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति में सुधार देखने को मिला है। बालाजी प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक पाए जाने पर नोटिस जारी नहीं किया गया। त्योहार पर मिठाई खरीदते समय बरतें सावधानी दुर्ग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार नेले ने लोगों से दिवाली के दौरान मिठाई खरीदते समय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत अधिक रंग, असामान्य चमक या सिल्वर वर्क वाली मिठाइयां खरीदने से बचना चाहिए। यदि मिठाई से तेज गंध आ रही हो या वह देखने में खराब लगे तो उसे न खरीदें। मिठाई की गुणवत्ता और ताजगी परखने के बाद ही खरीदारी करें। लैब रिपोर्ट के बाद सामने आएगी गुणवत्ता की स्थिति निरीक्षण के दौरान लिए गए मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होगी। दिवाली के मद्देनजर विभाग का अभियान जारी है, ताकि बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। Share This Article Post navigation Patwari Strike : महासमुंद में हड़ताल पर गए 5 पटवारी निलंबित, किसानों के राजस्व कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर की कार्रवाई