Electric Two-Wheeler SalesElectric Two-Wheeler Sales
Share This Article

नई दिल्ली, 7 नवंबर 2026। EV Sales October 2026 : देश के ऑटोमोबाइल बाजार में अक्टूबर 2026 के दौरान दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। एक ओर कुल वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 23.8 प्रतिशत घटकर 31.72 लाख इकाई रह गई, वहीं इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में करीब 45 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के अनुसार, त्योहारी सीजन की तारीखों में बदलाव कुल बिक्री में गिरावट की प्रमुख वजह रहा।

त्योहारों का बदला कैलेंडर, बिक्री पर असर

पिछले वर्ष अक्टूबर 2025 में नवरात्रि और दिवाली दोनों होने के कारण वाहनों की खरीदारी बढ़ी थी। इस साल धनतेरस और दिवाली नवंबर में होने से बड़ी संख्या में ग्राहकों ने खरीदारी टाल दी। दोपहिया वाहनों की बिक्री 28.35 प्रतिशत और यात्री वाहनों की बिक्री 14.23 प्रतिशत घट गई। हालांकि, सितंबर की तुलना में कुल बिक्री 25.05 प्रतिशत बढ़ी।

इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 45% बढ़ी

अक्टूबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की रिकॉर्ड 3,54,625 इकाइयां बिकीं। इनकी बाजार हिस्सेदारी भी पिछले साल के 6 प्रतिशत से बढ़कर 11.5 प्रतिशत हो गई।

दोपहिया और कारों में सबसे ज्यादा तेजी

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 48.49 प्रतिशत बढ़कर 2,24,064 इकाई पहुंच गई। इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में 76.47 प्रतिशत की उछाल के साथ 37,049 वाहन बिके। इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 24.76 प्रतिशत बढ़ी।

नवंबर में बिक्री बढ़ने की उम्मीद

वाणिज्यिक वाहन, तिपहिया और ट्रैक्टर श्रेणियों में भी सालाना वृद्धि दर्ज की गई। FADA को उम्मीद है कि नवंबर में धनतेरस और दिवाली के कारण वाहन बाजार में फिर तेजी आएगी। बेहतर ड्राइविंग रेंज, बढ़ती उपलब्धता और प्रतिस्पर्धी कीमतें इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग को भी मजबूती दे रही हैं।


Share This Article
Advertisement Carousel