Share This Article रायपुर, 11 नवंबर 2026। Amul Milk Price Hike : महंगाई का असर अब आम आदमी की रसोई पर और बढ़ने वाला है। मदर डेयरी के बाद देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के मुताबिक, अमूल के प्रमुख पैकेट वाले दूध की कीमतों में लगभग 4 से 5 प्रतिशत तक इजाफा किया गया है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से पूरे देश में लागू होंगी। अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से दूध 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा होगा। अमूल ताजा और गोल्ड के नए दाम कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अमूल ताजा टोंड मिल्क की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 62 रुपये हो जाएगी। वहीं अमूल गोल्ड फुल क्रीम दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है, जिसके बाद इसकी कीमत 80 रुपये प्रति लीटर होगी। कंपनी के अनुसार, अमूल शक्ति और टी स्पेशल सहित अन्य प्रमुख फ्रेश मिल्क वेरिएंट की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। पूरे देश में लागू होंगे नए रेट GCMMF ने बताया है कि यह बढ़ोतरी देशभर में अमूल के प्रमुख फ्रेश पाउच मिल्क वेरिएंट पर लागू होगी। कंपनी ने दूध उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और परिवहन की लागत बढ़ने को इसकी वजह बताया है। हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले घटकों, पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से उत्पादन लागत पर दबाव पड़ा है। किसानों को बेहतर कीमत देने के लिए बढ़ोतरी अमूल के मुताबिक, पिछले एक साल में सदस्य दुग्ध संघों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में 4 से 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। कंपनी का कहना है कि उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का लगभग 80 प्रतिशत सहकारी व्यवस्था के माध्यम से 36 लाख दूध उत्पादकों तक पहुंचता है। कीमतों में संशोधन से किसानों को बेहतर भुगतान करने और दूध उत्पादन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। कंपनी ने यह भी कहा कि कम और अनियमित बारिश के कारण चारे की उपलब्धता और लागत पर असर पड़ा है। मदर डेयरी ने भी 2 से 4 रुपये बढ़ाए दाम अमूल से पहले मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से अपने दूध के विभिन्न वेरिएंट की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की घोषणा की है। दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर, टोंड दूध 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये और डबल टोंड दूध 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर होगी। घरेलू बजट पर बढ़ेगा असर दूध रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल है। ऐसे में अमूल और मदर डेयरी की कीमतों में एक साथ हुई बढ़ोतरी से आम परिवारों के मासिक खर्च पर असर पड़ सकता है। खासकर उन घरों में खर्च बढ़ेगा जहां रोजाना अधिक मात्रा में दूध की खपत होती है। अमूल की नई दरें 12 नवंबर से देशभर में लागू होंगी, जबकि मदर डेयरी की बताई गई नई कीमतें दिल्ली-एनसीआर बाजार के लिए हैं। Share This Article Post navigation UPI Payment Charges : ₹2,000 से ज्यादा के UPI पेमेंट पर लगेगा 0.4% MDR चार्ज? जानिए कब से लागू होगा नया नियम और किसे मिलेगी राहत