Share This Article जगदलपुर, 12 नवंबर 2026। Gold Jewellery Recovery : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स से सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोना बरामद किया है। चोरी के बाद जंगल में छिपे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद ली। मामले में एक नाबालिग लड़की को भी हिरासत में लिया गया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। भीड़भाड़ वाली दुकान को बनाया निशाना 7 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे त्योहार के चलते मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान पहुंचा। महिलाओं ने गहने देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी बीच एक महिला ने दराज में रखा सोने के आभूषणों का प्लास्टिक बॉक्स निकालकर नाबालिग लड़की को दे दिया। इसके बाद पूरा समूह दुकान से निकल गया। शाम करीब 7:30 बजे दुकानदार को चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। सफेद स्कॉर्पियो से मिला गिरोह का सुराग दुकानदार की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया। इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो क्रमांक CG 17 C 3511 का सुराग मिला। वाहन की जानकारी जुटाने पर पुलिस मासों कश्यप निवासी पथरीली उड़वा, कोड़ेनार तक पहुंची। इसके बाद सीएसपी अंशिका जैन ने चार विशेष टीमें गठित कर संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। जंगल में छिपे आरोपियों पर ड्रोन से रखी नजर पुलिस की दबिश की भनक लगते ही संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भाग गए। घना जंगल और बड़ी-बड़ी घास होने के कारण पुलिस को तलाशी में परेशानी हुई। इसके बाद ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद से संभावित ठिकानों की निगरानी की गई। पुलिस की टीमों ने रातभर इलाके की घेराबंदी कर पैदल तलाशी अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों से संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर सोने के आभूषण बरामद हुए। महिलाओं और बच्चों के जरिए चोरी करने का तरीका पुलिस के मुताबिक, गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद महिलाओं और बच्चों को भीड़भाड़ वाली दुकानों में भेजा जाता था। वे दुकानदार का ध्यान भटकाकर गहने चोरी करते थे। चोरी के सामान को छिपाने और बेचने की जिम्मेदारी पुरुष सदस्य संभालते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी एक ही परिवार के हैं। पांच गिरफ्तार, तीन की तलाश में पुलिस पुलिस ने फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक भी जब्त की गई हैं। एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, मासो कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी की तलाश जारी है। Share This Article Post navigation नेशनल वर्क स्किल्स कॉम्पिटिशन में BSP का दबदबा… 7 कर्मचारियों ने जीते पुरस्कार,3 को प्रथम पुरस्कार, 3 को द्वितीय और एक को मिला तृतीय पुरस्कार Birsa Munda Jayanti पर छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, धरमजयगढ़ में होगा भव्य आयोजन