Share This Article रायपुर, 14 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / चेन्नई स्थित एक गिरोह द्वारा लाल चंदन की लकड़ियों की मलेशिया में तस्करी करने के प्रयास की विशेष खुफिया जानकारी मिलने पर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने 9 से 11 नवंबर के दौरान चेन्नई बंदरगाह पर एक निर्यात कंटेनर को जहाज में लादे जाने से पहले ही रोक लिया। “पेपर लैमिनेट रोल” घोषित किए गए इस कंटेनर की 9-10 नवंबर, 2026 को विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान इसमें घोषित माल की थोड़ी मात्रा और बजरी के पत्थरों के साथ छिपाकर रखी गई उच्च गुणवत्ता वाली लाल चंदन की 12.87 मीट्रिक टन लकड़ियां बरामद हुईं, जिनका मूल्य लगभग 7.72 करोड़ रुपये है। लाल चंदन की लकड़ियों और उन्हें छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए अन्य माल को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस गिरोह ने निर्माता-निर्यातक को उपलब्ध कंटेनर की स्वयं सील लगाने की सुविधा का दुरुपयोग किया था। गिरोह ने निर्यातक के माध्यम से निर्यात के लिए माल की खेप तैयार करवाई और कंटेनर को एक निजी गोदाम में ले जाकर उसमें घोषित पेपर लैमिनेट रोल की जगह लाल चंदन की लकड़ियां भर दीं। इसके बाद कंटेनर को निर्यात के लिए भेज दिया गया। इसके बाद गोदाम की तलाशी लेने पर वहां घोषित मूल माल, एक औद्योगिक वजन मशीन और लाल चंदन के अवशेष बरामद हुए। इनसे तस्करी के तरीके के बारे में और सबूत मिले। इस तस्करी में शामिल गिरोह के तीन प्रमुख सदस्यों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। लाल चंदन (टेरोकार्पस सैंटालिनस) एक संरक्षित प्रजाति है। इसे अंतरराष्ट्रीय वन्य जीव और वनस्पति लुप्तप्राय प्रजाति व्यापार कन्वेंशन (सीआईटीईएस) के परिशिष्ट-II और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-IV में शामिल किया गया है। भारत की विदेश व्यापार नीति के तहत इसके निर्यात पर प्रतिबंध है। Share This Article Post navigation एक देश, एक राशन कार्ड : अब देश में कहीं भी मिलेगा आपका राशन, 233 करोड़ से अधिक लेनदेन PM Modi Manila Visit : 16 नवंबर से फिलीपींस दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी, ASEAN-India Summit में रखेंगे भारत का पक्ष