Share This Article भोपाल, 13 नवंबर 2026। MP Medical College : मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि आगामी दो वर्षों में प्रदेश में 22 नए चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेजों में 12 हजार से अधिक अतिरिक्त MBBS सीटें उपलब्ध कराने की योजना है। मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी परियोजनाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। प्रदेश में 56 मेडिकल कॉलेज और 18,050 MBBS सीटों का लक्ष्य मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में बताया गया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में 20 सरकारी और 14 निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें कुल 6,050 MBBS सीटें उपलब्ध हैं। आगामी दो वर्षों में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और मौजूदा संस्थानों में सीटों की संख्या बढ़ाने के बाद प्रदेश में कुल 56 मेडिकल कॉलेज और 18,050 MBBS सीटें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। 11 जिलों में PPP मॉडल पर खुलेंगे मेडिकल कॉलेज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में PPP मॉडल के तहत स्थापित होने वाले 11 मेडिकल कॉलेजों के लिए तत्काल नई निविदाएं जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से इन परियोजनाओं की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में निर्माण की निगरानी बैठक में मुख्यमंत्री ने PPP मॉडल के तहत बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। इन चारों संस्थानों के संचालन के लिए अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने तय समय-सीमा में इनका संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। छह नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों पर भी काम प्रदेश में छह नए सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया भी जारी है। छतरपुर, दमोह और बुधनी के मेडिकल कॉलेज भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनके शुरू होने से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के अवसर और बढ़ेंगे। चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में चिकित्सा महाविद्यालयों और MBBS सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी संभावनाओं का परीक्षण कर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, रश्मि अरुण शमी और संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरुणा कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। Share This Article Post navigation Ladli Behna Yojana 42nd Installment : मुख्यमंत्री डॉ. यादव 13 नवंबर को 1.24 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1,831 करोड़ रुपये से अधिक की राशि करेंगे अंतरित