Share This Article रायपुर, 16 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होकर देशसेवा का सपना संजोने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी शारीरिक दक्षता एवं तैयारी को परखने के उद्देश्य से आज रविवार को धमतरी में अग्निवीर महा-मैराथन का आयोजन किया गया। नि:शुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र एवं मिलिट्री एकेडमी, धमतरी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धमतरी के इंडोर स्टेडियम में सुबह 5 बजे से आयोजित इस महा-मैराथन में 1600 मीटर की दौड़ रखी गई थी। इसमें छत्तीसगढ़ के केवल उन्हीं युवाओं को शामिल होने का अवसर दिया गया, जिन्होंने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। इस तरह प्रतियोगिता में युवाओं की शारीरिक क्षमता और दौड़ संबंधी दक्षता का आकलन किया गया। प्रतियोगिता में 400 से अधिक युवा एवं अन्य लोग मैदान में पहुंचे। दौड़ का आयोजन भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली की प्रक्रिया के अनुरूप किया गया। इसके तहत अभ्यर्थियों को 100-100 युवाओं के अलग-अलग बैच में विभाजित कर दौड़ाया गया। प्रत्येक बैच की दौड़ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई गई, जिससे युवाओं को वास्तविक भर्ती रैली जैसी व्यवस्था और अनुभव मिल सके। आयोजन का उद्देश्य अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके युवाओं को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, उनकी तैयारी का आकलन करना तथा उन्हें सेना भर्ती की आगामी प्रक्रिया के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना है। इस आयोजन से युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और आत्मविश्वास के साथ भारतीय सेना में चयन के लक्ष्य की दिशा में आगे बढऩे का अवसर मिला। Share This Article Post navigation NASA Space Apps Challenge 2026 : नासा की ग्लोबल हैकाथॉन से जुड़े देशभर के युवा… NIT रायपुर में 48 घंटे तक चलेगी चुनौती