Share This Article

रायपुर, 17 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / हैदराबाद में साइबर हनीट्रैप का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 23 वर्षीय युवक ने सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी पहचान बनाकर 1,000 से ज्यादा लोगों को अपने जाल में फंसाया। इनमें 82 लोगों ने उसे अपनी निजी तस्वीरें और वीडियो भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने इन्हीं तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर करीब 25.16 लाख रुपये की ठगी और वसूली की।

27 फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाए

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोंडाभट्टुला पवन कुमार ने इंस्टाग्राम पर 13 और फेसबुक पर 14 फर्जी अकाउंट बनाए थे। इनमें वह कोलकाता की एक मॉडल समेत अन्य महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल करता था। वह लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर महिलाओं की तरह बातचीत शुरू करता और धीरे-धीरे चैट को अश्लील बातचीत तक ले जाता था।

लड़की के बाद भाई बनकर करता था ब्लैकमेल

विश्वास जीतने के बाद वह लोगों से नग्न तस्वीरें और वीडियो मंगवाता था। इसके बाद अचानक खुद को उस लड़की का भाई बताकर सामने आता और तस्वीरें सार्वजनिक करने या पुलिस में शिकायत करने की धमकी देता था। इस तरह वह लोगों से पैसे वसूलता था।

कई राज्यों और विदेशों तक फैला जाल

पुलिस के अनुसार, पीड़ितों में डॉक्टर, पुलिसकर्मी, कारोबारी, सरकारी अधिकारी, शिक्षक और सॉफ्टवेयर इंजीनियर शामिल हैं। इनमें 24 दूसरे राज्यों और नौ विदेशों के लोग बताए गए हैं।

25 लाख से ज्यादा की ठगी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर तीन मोबाइल फोन, लैपटॉप और 16 जीबी की पेन ड्राइव जब्त की है। मामले की जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस जाल में और भी लोग फंसे हो सकते हैं।

पुलिस की सावधानी बरतने की सलाह : अनजान सोशल मीडिया अकाउंट से दोस्ती और निजी तस्वीरें साझा करने से बचें। ब्लैकमेल होने पर तुरंत साइबर पुलिस से शिकायत करें।


Share This Article
Advertisement Carousel