Share This Article

रायपुर, 18 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia / नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सड़क और पुल निर्माण के माध्यम से दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग ने आकांक्षी जिला कांकेर में पिछले तीन वर्षों के दौरान 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया है। इसके अलावा 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 पुलों का निर्माण जारी है, जबकि 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को मंजूरी दी गई है।

लोक निर्माण विभाग और कांकेर जिला प्रशासन के समन्वय से जिले के नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में आवागमन की सुविधाएं बेहतर बनाई जा रही हैं। इन पुलों के निर्माण से करीब 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक बारहमासी आवागमन की सुविधा मिली है।

नक्सल प्रभावित इलाकों में मजबूत हुआ सड़क संपर्क

कांकेर के संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढ़की नदी में 12 करोड़ और महला नदी में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है। इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है।

इन पुलों से क्षेत्र में आवागमन के साथ सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों को भी सुविधा मिली है। दुर्गम इलाकों के ग्रामीणों को अब बारिश के मौसम में भी मुख्य मार्गों से संपर्क बनाए रखने में मदद मिल रही है।

कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुलों का निर्माण पूरा

पिछले कुछ महीनों के दौरान कांकेर जिले में 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपये, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपये, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपये और कापसी (पीवी-130)-पखांजूर मार्ग पर त्रास नाला में 6 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बने पुल शामिल हैं।

इन पुलों से 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है। इससे ग्रामीणों के लिए उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, व्यापार, कृषि, पर्यटन गतिविधियों और शासकीय योजनाओं तक पहुंच आसान हुई है।

महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा मजबूत

कांकेर और नारायणपुर के दुर्गम क्षेत्रों में अंतरराज्यीय संपर्क बेहतर बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण किया जा रहा है। मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं।

इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण जारी है। इन पुलों के तैयार होने से दुर्गम क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा और महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

140 करोड़ के 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत

राज्य शासन ने कांकेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोडऩे के लिए 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनका निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इनका निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।


नए स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपये, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपये, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपये, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये और हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शामिल हैं।


इन परियोजनाओं से कांकेर के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बढऩे के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।


Share This Article
Advertisement Carousel