Share This Article

रायपुर, 18 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia / अमेरिका में एक सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। इस बार देश के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और जेला समेत कई बैंकों के ग्राहकों को अपने ऑनलाइन खातों तक पहुंचने और लेनदेन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, बड़ी संख्या में यूजर्स ने बैंकिंग सेवाओं में आ रही दिक्कतों की शिकायत दर्ज कराई है। ग्राहकों को ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने और बैंक खातों को एक्सेस करने में परेशानी हो रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैंकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह समस्या सामने आई है।

चेज बैंक ने भी अपनी सेवाओं में आई बाधा की पुष्टि की है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह समस्या तकनीकी खराबी के कारण हुई है और इसका किसी साइबर हमले से संबंध नहीं है। बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने के बाद कई ग्राहकों ने साइबर हमले की आशंका जताई थी।

चेज बैंक के प्रवक्ता ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कुछ लेनदेन सामान्य से अधिक समय ले रहे हैं। बैंक की तकनीकी टीम इस गड़बड़ी को जल्द से जल्द ठीक करने में जुटी है।


इस बीच, कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की है। उनका कहना है कि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने पर स्क्रीन पर एरर मैसेज दिखाई दे रहा है। इसमें बताया जा रहा है कि कुछ बैंकिंग सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बहाल करने के लिए काम किया जा रहा है।

अमेरिका में पिछले एक सप्ताह के दौरान तकनीकी समस्याओं ने कई महत्वपूर्ण सेवाओं को प्रभावित किया है। सबसे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आउटेज सामने आया था। इसके बाद एयरलाइंस के संचार सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते उड़ानों के टेकऑफ पर कुछ समय के लिए रोक लगानी पड़ी थी। अब बैंकिंग सेवाओं में आई गड़बड़ी ने ग्राहकों की परेशानी बढ़ा दी है।


माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आउटेज के पीछे अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी समस्या को जिम्मेदार बताया था। इस गड़बड़ी का असर अमेरिका और भारत समेत दुनिया के कई देशों में देखने को मिला था। इस दौरान माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।


Share This Article
Advertisement Carousel