Share This Article रायपुर, 18 नवंबर 2026। CG Cabinet Breaking : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में नलजल योजनाओं के बेहतर संचालन, अबूझमाड़ के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सुविधा, बाल संरक्षण व्यवस्था और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कार्यालय विस्तार से जुड़े फैसले लिए गए। ग्रामीण नलजल योजनाओं के लिए 2026 के नए नियम तैयार कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल प्रदाय योजनाओं का संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी। नए नियम लागू होने के बाद वर्ष 2024 के नियमों का स्थान लेंगे। इनमें योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित 19 केंद्रीय तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय बिंदुओं को शामिल किया गया है। एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतें मुख्यमंत्री नलजल अनुदान के लिए पात्र होंगी। इसके लिए पंचायतों को हर महीने जलकर की कम से कम 50 प्रतिशत राशि वसूल करनी होगी। वहीं, सालाना जलकर संग्रहण 75 प्रतिशत से अधिक होने पर पंचायत को 50 हजार रुपये की मुख्यमंत्री नलजल प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लगातार दो वर्षों तक शत-प्रतिशत मीटरिंग सुनिश्चित करने वाली पंचायत को एकमुश्त 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन भी मिलेगा। अबूझमाड़ के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज को तीन साल तक आर्थिक सहायता नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद कॉलेज को आगामी तीन वर्षों तक आवर्ती और अनावर्ती अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए वर्ष 2006 के अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक छूट भी प्रदान की जाएगी। कॉलेज के संचालन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सहायता शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रभावी होगी। इससे विशेष रूप से अबूझमाड़ क्षेत्र के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। राजनांदगांव में किशोर संप्रेक्षण गृह के लिए जमीन आवंटित मंत्रिपरिषद ने राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में राजगामी संपदा की 0.223 हेक्टेयर भूमि महिला एवं बाल विकास विभाग को आवंटित करने की स्वीकृति दी है। खसरा नंबर 284 की इस भूमि का क्षेत्रफल 24,090 वर्गफीट है। यहां नया किशोर संप्रेक्षण गृह स्थापित किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल को संभागीय कार्यालय के लिए भूमि राजनांदगांव शहर के बलदेव बाग स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में 264 वर्गमीटर भूमि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल को आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। इस जमीन पर मंडल का संभागीय कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में मंडल से संबंधित प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट के फैसलों से शिक्षा और ग्रामीण सुविधाओं को बढ़ावा राज्य मंत्रिपरिषद के इन निर्णयों में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जनजातीय विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा, किशोर संरक्षण और शिक्षा प्रशासन से जुड़े बुनियादी ढांचे के विस्तार पर जोर दिया गया है। Share This Article Post navigation Kabra Elephant Rescue : सरगुजा में 19 लोगों की जान लेने वाला उत्पाती हाथी ‘कबरा’ पकड़ा गया, 6 दिनों से चल रहा था रेस्क्यू ऑपरेशन