Kabra Elephant RescueKabra Elephant Rescue
Share This Article

अंबिकापुर/उदयपुर, 18 नवंबर 2026। Kabra Elephant Rescue : छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में लंबे समय से दहशत का कारण बने उत्पाती हाथी ‘कबरा’ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। यह हाथी अब तक 19 लोगों की जान ले चुका था। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग पिछले छह दिनों से लगातार अभियान चला रहा था। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन की मदद से विशेषज्ञों की टीम ने जंगल में उसकी तलाश की। अभियान में सफलता मिलने के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली है।

छह दिनों से जंगल में चल रही थी हाथी की तलाश

कबरा हाथी को पकड़ने के लिए उदयपुर वन परिक्षेत्र के चकेरी, तेंदुटिकरा और आसपास के जंगलों में अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान जंगल में हाथियों के दो अलग-अलग दल दिखाई दिए थे। एक दल में पांच और दूसरे दल में 13 हाथी मौजूद थे। शुरुआत में पांच हाथियों वाले दल में कबरा नजर नहीं आया, जिसके बाद विशेषज्ञों ने उसकी लोकेशन के आधार पर तलाश तेज कर दी।

कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन की ली गई मदद

रेस्क्यू अभियान में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन को तैनात किया गया था। इनके साथ वन्यजीव विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम भी लगातार जंगल में मौजूद रही। हाथी की लोकेशन का पता लगाने और उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सोमवार को भी टीम ने करीब दो घंटे तक जंगल में तलाश की, लेकिन हाथी का पता नहीं चलने पर वापस लौटना पड़ा था।

एहतियातन बंद किया गया था पेंडरखी-चकेरी मार्ग

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए पेंडरखी-चकेरी मार्ग को एहतियातन बंद रखा गया था। वन विभाग की टीम आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी कर रही थी, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हाथियों के विचरण से क्षेत्र के गांवों में भय का माहौल बना हुआ था।

हाथियों की दहशत से बंद करने पड़े थे 20 स्कूल

कबरा हाथी और अन्य हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण उदयपुर वन परिक्षेत्र के आसपास के गांवों में लोगों की चिंता बढ़ गई थी। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरमा, बासेन और चकेरी सहित आसपास के गांवों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। सोमवार को करीब 20 स्कूल बंद रखे गए थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।

हाथी के पकड़े जाने से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद

कबरा हाथी को पकड़ लिए जाने के बाद क्षेत्र में लंबे समय से बनी दहशत कम होने की उम्मीद है। अब वन विभाग की निगरानी में हाथी के स्वास्थ्य की जांच और आगे की व्यवस्था की जाएगी। इस अभियान की सफलता से आसपास के ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने राहत महसूस की है।


Share This Article
Advertisement Carousel