Share This Article

रायपुर, 20 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) भिलाई में भारत की प्राचीन बौद्धिक परंपराओं, संस्कृति और विरासत पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

19 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में भारत और दक्षिण कोरिया के इतिहासकार, पुरातत्वविद्, वास्तुविद् और शोधकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।

विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उपायों पर चर्चा हो रही है।

समाज और संस्कृति को समझने पर जोर

सम्मेलन में IIT भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश ने कहा कि समाज की समझ के बिना शिक्षा अधूरी है। उन्होंने भारतीय इतिहास और समुदायों के सांस्कृतिक अनुभवों को समझने में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

भारत-दक्षिण कोरिया के बीच बढ़ेगा शैक्षणिक सहयोग

छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के सचिव डॉ. एस. भरतीदासन ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समावेशी और वैश्विक दृष्टिकोण वाला बताया। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सम्मेलन IIT भिलाई और राज्य पुरातत्व संचालनालय के बीच हुए समझौते के तहत पहला आयोजन है।

सम्मेलन में सियोल नेशनल यूनिवर्सिटी एशिया सेंटर की शोधकर्ता डॉ. अदिति सिंह ने भारत और दक्षिण कोरिया के बीच अकादमिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

विरासत संरक्षण की चुनौतियों पर चर्चा

कार्यक्रम में इतिहासकार प्रो. एल.एस. निगम और संरक्षण वास्तुविद् अनीशा शेखर मुखर्जी व्याख्यान देंगे। साथ ही विशेषज्ञ विरासत संरक्षण और उसके प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों पर विचार साझा करेंगे।

सिरपुर का करेंगे शैक्षणिक भ्रमण

सम्मेलन के प्रतिभागी महासमुंद जिले के ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थल सिरपुर का भ्रमण भी करेंगे। इससे विद्वानों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।


Share This Article
Advertisement Carousel