Share This Article

रायपुर, 21 नवंबर 2026|Elephant Calf Raja : जन्म के पहले ही दिन गंभीर रूप से घायल हुए सात सप्ताह के हाथी के बच्चे ‘राजा’ को बेहतर इलाज के लिए अनंत अंबानी की पहल पर असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा लाया गया है। 2,500 किलोमीटर से अधिक की जोखिम भरी सड़क यात्रा से बचाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की गई।

जन्म के दिन ही टूट गई थी पैर की हड्डी

राजा का जन्म 2 अक्टूबर को असम के गोगामुख में हुआ था। जन्म के पहले ही दिन उसकी मां की गलती से लगी लात के कारण पिछले दाहिने पैर की जांघ की हड्डी (फीमर) पूरी तरह टूट गई। मां का दूध और जरूरी पोषण नहीं मिलने से उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी प्रभावित हुई।

सात सप्ताह से चल रहा था इलाज

वनतारा की चिकित्सा टीम 8 अक्टूबर से राजा का इलाज कर रही थी। उसके पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया और विशेष दूध उपलब्ध कराया गया। इसके बावजूद उसे संक्रमण, दस्त, कम ब्लड शुगर, लिवर संबंधी परेशानी और शरीर पर घाव जैसी समस्याएं हो गईं।

चार घंटे में पूरी हुई हवाई यात्रा

20 नवंबर को गुवाहाटी से विशेष विमान के जरिए उसे जामनगर पहुंचाया गया। यात्रा के दौरान विशेष क्रेट, मुलायम बिस्तर और पशु चिकित्सकों की टीम ने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की।

वनतारा में मिलेगा विशेषज्ञ इलाज

अब राजा को विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हड्डी का उपचार, पोषण, दर्द नियंत्रण और पुनर्वास सुविधा मिलेगी। उसे लंबे समय तक चिकित्सा देखभाल की जरूरत पड़ सकती है।


Share This Article
Advertisement Carousel