Share This Article

 रायपुर, 22 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के वाहन चालकों को परिवहन संबंधी सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग और जिला परिवहन कार्यालय द्वारा नंदिनी थाना परिसर में दो दिवसीय विशेष परिवहन शिविर आयोजित किया जा रहा है। 21 और 22 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर के पहले दिन 63 लोगों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए और उन्हें मौके पर ही वितरित किया गया।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य नंदिनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला परिवहन कार्यालय तक आने-जाने की परेशानी से राहत दिलाना है। शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।


शिविर में नए लर्निंग लाइसेंस और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के साथ पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण, वाहनों के नए परमिट एवं परमिट नवीनीकरण, वाहन फिटनेस, स्वामित्व नामांतरण और अन्य परिवहन संबंधी कार्यों की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा ई-चालान और यातायात संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।


आवेदन करने वाले नागरिकों को आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट आकार की फोटो तथा आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर साथ लाने को कहा गया है। संबंधित कार्य के अनुसार पुराने ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।


यातायात पुलिस ने नंदिनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने तथा अपने ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहनों से जुड़े दस्तावेज समय पर बनवाने और नवीनीकृत कराने की अपील की है।


Share This Article
Advertisement Carousel