Share This Article

रायपुर -23 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia /छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर रामगढ़ को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ में अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की तर्ज पर श्रीराम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।

प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रामगढ़ पहुंचकर निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कुछ समय पूर्व रामगढ़ में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण की घोषणा और भूमिपूजन किया था। आज उस संकल्प को धरातल पर साकार होते देखकर अत्यंत सुखद अनुभूति हो रही है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की आस्था, विश्वास और भावनाओं से जुड़ा एक पवित्र संकल्प है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, आदर्श और जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं। उनके जीवन से समाज को सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध रहा है।

प्रदेश की लोकमान्यताओं में छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। वनवास काल के दौरान भगवान श्रीराम के छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरने की मान्यताएं भी प्रचलित हैं।

रामगढ़ का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व इसी समृद्ध परंपरा से जुड़ा हुआ है। यहां स्थित रामगढ़ पर्वत, प्राचीन गुफाएं और प्राकृतिक सौंदर्य इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।

सरगुजा जिले का रामगढ़ ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहां स्थित सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं प्राचीन भारतीय कला, स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं।

रामगढ़ को महाकवि कालिदास की साहित्यिक परंपरा से भी जोड़ा जाता है। ऐसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थान पर भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और सुदृढ़ करेगा।


Share This Article
Advertisement Carousel