Share This Article रायपुर, 25 नवंबर 2026। Punjab Assembly Election 2027 : पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) करीब छह साल के अलगाव के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो गया है। दिल्ली में अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन का ऐलान किया। वर्ष 2020 में किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने भाजपा से करीब 25 साल पुराना राजनीतिक रिश्ता तोड़ लिया था। अकाली दल रहेगा गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एनडीए की सबसे पुरानी सहयोगी पार्टियों में शामिल अकाली दल की वापसी हुई है। उन्होंने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर बादल के बीच हुई बैठक में दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। शाह के मुताबिक, गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री भी अकाली दल का होगा। एनडीए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन को लेकर करीब तीन महीने तक बातचीत चली है। हालांकि, सीटों के बंटवारे पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि इस पर आने वाले दिनों में फैसला किया जाएगा। सुखबीर बादल बोले- यह केवल राजनीतिक नहीं, भावनात्मक गठबंधन अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरुपर्व और प्रकाश पर्व के अवसर पर हुए गठबंधन का स्वागत किया। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के हित में बना भावनात्मक गठबंधन बताया। बादल के अनुसार, पंजाब का हर नागरिक चाहता था कि दोनों दल एक बार फिर साथ आएं। उन्होंने कहा कि गठबंधन से राज्य के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा। सुखबीर बादल ने शिरोमणि अकाली दल को 106 वर्ष पुरानी पार्टी बताते हुए इस राजनीतिक साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया। नशा मुक्त पंजाब और गैंगस्टरवाद पर कार्रवाई का वादा अमित शाह ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने और भ्रष्टाचार खत्म करने को एनडीए का प्रमुख लक्ष्य बताया। उन्होंने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त कर दिया जाएगा। शाह ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल नशे के खिलाफ अपने वादे पूरे करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में एनडीए की सरकार बनने पर गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाई जाएगी और किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में काम होगा। शाह ने आम आदमी पार्टी की चुनावी हार का दावा भी किया। नितिन नवीन ने गठबंधन को बताया एकता का प्रतीक भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अकाली दल के साथ गठबंधन को एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1675 में कश्मीरी पंडितों की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान समाज को प्रेरणा देता है। नितिन नवीन ने नशा मुक्त पंजाब, युवाओं के लिए राज्य में रोजगार के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा और विकासोन्मुख सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि गठबंधन पंजाब को उसके गौरवशाली इतिहास और विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए काम करेगा। Share This Article Post navigation UP Election 2027 : सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर कल होगी अहम बैठक, इमरान मसूद बोले- गठबंधन की जीत के लिए बेहतर तालमेल जरूरी