Share This Article

 रायपुर, 25 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई ने कल 26 नवम्बर को मनाए जाने वाले संविधान दिवस के अवसर पर राज्य सरकार से अपील कि है कि वह अपने संवैधानिक दायित्वों का पालन करते हुए प्रदेश की राज्य सेवा के पेंशनरों के साथ हो रहे आर्थिक भेदभाव को समाप्त करे।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि जब प्रदेश में निवासरत अखिल भारतीय सेवा (आई . ए. एस/आई.पी. एस. इत्यादि) के पेंशनरों तथा राज्य की बिजली कंपनियों के पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान दर एवं केंद्र की देय तिथि से महंगाई राहत (डी. आर.) का लाभ दिया जा रहा है, तो राज्य सेवा के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इस लाभ से वंचित रखना समानता के संवैधानिक सिद्धांत के विपरीत है। अगर उनको महँगाई राहत का समुचित लाभ दिया जा रहा है तो हमें (पेंशनरों को )भी दिया जाए।


प्रांताध्यक्ष नामदेव ने कहा कि महँगाई की मार समाज के प्रत्येक वर्ग पर समान रूप से पड़ती है। चाहे आई. ए. एस.हों , आई. पी. एस.हों ,आई.एफ.एस.या अन्य संवर्गों के कार्यरत या सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी, सभी एक ही प्रदेश में, एक ही बाजार से राशन, दवाइयां एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं एक ही कीमत पर खरीदते हैं। कीमतें सभी के लिए एक जैसी होती हैं।


ऐसे में पेंशनरों के बीच महँगाई राहत के मामले में दोहरी नीतिअपनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार द्वारा केंद्र की निर्धारित देय तिथि जनवरी एवं जुलाई से महँगाई राहत की राशि स्वीकृत नहीं करने और विलंबित तिथियों से लागू करने के कारण लाखों बुजुर्ग पेंशनरों को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


नामदेव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि इस विलम्ब के चलते विगत 8 से 9 वर्षों के दौरान केंद्र की देय तिथि से महँगाई राहत नहीं दिए जाने के कारण राज्य सरकार के पेंशनरों का लगभग 90 माह का डी.आर.एरियर्स लंबित हो गया है। महँगाई राहत पेंशनरों की जीवनयापन संबंधी आवश्यकताओं से जुड़ी है। इसे किसी प्रकार की सरकारी कृपा अथवा अनुग्रह नहीं, बल्कि उनका जायज अधिकार माना जाना चाहिए।


नामदेव ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 14 समानता का अधिकार प्रदान करता है तथा अनुच्छेद 21 गरिमापूर्ण जीवन की गारंटी देता है। ऐसे में समान परिस्थितियों में रहने वाले पेंशनरों के साथ अलग-अलग व्यवहार किए जाने पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।


इस मांग का समर्थन करते हुए महासंघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष द्रौपदी यादव, बी.के. वर्मा, आलोक त्रिवेदी एवं लोचन पांडेय, महामंत्री द्वय अनिल गोल्हानी एवं प्रवीण कुमार त्रिवेदी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह, प्रदेश संयोजक महिला प्रकोष्ठ डॉ. श्रीमती शेषा सक्सेना, दैनिक वेतन भोगी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल पाठक,संभागीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा तथा जिला रायपुर के अध्यक्ष आर.जी. बोहरे एवं सचिव ओ.डी. शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी राज्य सरकार से पेंशनरों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी से आग्रह किया है कि कल 26 नवम्बर 2026 को मनाए जाने वाले संविधान दिवस की मूल भावना का सम्मान करते हुए राज्य सेवा के पेंशनरों को भी केंद्र सरकार के समान दर एवं केंद्र की देय तिथि से महंगाई राहत स्वीकृत की जाए। साथ ही विगत वर्षों के लगभग 90 माह के लंबित डीआर एरियर के भुगतान के लिए तत्काल आदेश जारी किया जाए, ताकि जीवन के इस पड़ाव में आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे बुजुर्ग पेंशनरों को न्याय और सम्मान मिल सके।


Share This Article
Advertisement Carousel