रायपुर 30 अक्टूबर 2025/ ETrendingIndia / The country’s gold is now being stored safely in India; the RBI brought back 64 tonnes of gold in six months / भारत में RBI का सोना ,भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अब अपने सोने का बड़ा हिस्सा देश के अंदर ही जमा कर रहा है। बीते छह महीनों में बैंक ने करीब 64 टन सोना विदेशों से भारत वापस लाया है। अब RBI के कुल गोल्ड रिजर्व का 65% हिस्सा भारत में ही मौजूद है, जो चार साल पहले की तुलना में लगभग दोगुना है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही (अप्रैल–सितंबर) में यह सोना भारत लाया गया। RBI की विदेशी मुद्रा भंडार पर अर्धवार्षिक रिपोर्ट में इसका उल्लेख किया गया है। सितंबर 2025 के अंत तक RBI के पास कुल 880 टन सोना था, जिसमें से 576 टन भारत में सुरक्षित रखा गया है।
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि RBI का यह कदम देश की सर्राफा संपत्तियों पर नियंत्रण बढ़ाने और अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता घटाने की दिशा में उठाया गया है। यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी देशों द्वारा रूस के सोने के भंडार फ्रीज किए जाने के बाद, कई देशों ने अपने गोल्ड रिजर्व वापस लाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
इंडसइंड बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री गौरव कपूर के अनुसार, “जब हमारे पास सोना सुरक्षित रखने की क्षमता है, तो इसे विदेश में रखने की जरूरत नहीं। इन अनिश्चित परिस्थितियों में अपना सोना अपने देश में रखना सबसे समझदारी भरा कदम है।”
सितंबर 2025 तक RBI के विदेशी मुद्रा भंडार की कुल वैल्यू 702.3 अरब डॉलर थी — जो दुनिया में चौथा सबसे बड़ा भंडार है।
