Share This Article

ETrendingIndia रायपुर / मुंबई में आयोजित “देश का प्रकृति परीक्षण” अभियान के प्रथम चरण के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य को पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई। यह सम्मान अभियान के राज्य समन्वयक एवं छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक, यूनानी एवं प्राकृतिक चिकित्सा परिषद रायपुर के रजिस्ट्रार डॉ. संजय शुक्ला ने प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ में इस अभियान की शुरुआत 26 नवंबर 2024 को संविधान दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा की गई थी। वहीं, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 25 दिसंबर 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर कुनकुरी में अभियान का समापन किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ में साढ़े चार लाख से अधिक नागरिकों का प्रकृति परीक्षण किया गया।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल पर राज्य में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 40,000 से अधिक अधिकारियों एवं जवानों का भी परीक्षण किया गया। राज्य को यह सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की चिकित्सा सेवा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और राज्य की जनता के लिए गर्व की बात है।


Share This Article