रायपुर नवम्बर 1, 2025 / ETrendingIndia / मध्यप्रदेश इंट्रा स्टेट एयर सर्विस , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हवाई यात्रा केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि एक आनंददायक यात्रा का अनुभव भी बने। मध्यप्रदेश अपने नागरिकों और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कृति की आत्मीयता भी प्रदान करेगा। हम प्रदेश की दूरियों को नहीं, बल्कि दिलों और अनुभवों को भी जोड़ने जा रहे हैं।
हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। यह सुविधा न केवल पर्यटकों और यात्रियों का समय बचायेगी बल्कि उन्हें एक ही यात्रा में आस्था, आध्यात्म, पर्यटन और अनुभव का अद्भुत संगम भी प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा (इंट्रा स्टेट एयर सर्विसेज) प्रारंभ करने वाला मध्यप्रदेश पूरे देश में पहला और इकलौता राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर में आयोजित विशेष समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर राज्य के पर्यटन एवं विमानन क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण और नवाचारी सेवाओं सहित राजा भोज एयरपोर्ट में उन्नयन कार्यों का शुभारंभ किया।
इन सेवाओं में ‘पीएमश्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’, ‘डिजी यात्रा’, ‘फ्लाईब्रेरी’, ‘किड्स प्ले ज़ोन’ तथा ‘केट-I से केट-II ILS प्रणाली’ जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
पर्यटन हमारे देश और प्रदेश की इकोनॉमी का इकलौता ऐसा क्षेत्र है जो नई-नई लोकेशन्स, अलग-अलग संस्कृतियों और ऐतिहासिक चीजों को अपने तरीके से एक्सप्लोर करने का आनंद, रोजगार और पहचान तीनों देता है। मध्यप्रदेश में विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और धार्मिक पर्यटन का अनोखा संगम है। हमारा प्रयास है कि इन स्थलों तक सीधी पहुंच और यहां की सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा इसी दृष्टि से एक अभिनव पहल है, जिससे देशी-विदेशी सभी पर्यटकों को प्रदेश के प्रमुख स्थलों तक सीधी, सुरक्षित और शीघ्र पहुंच सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा में प्रारंभिक चरण में तीन प्रमुख पर्यटन सेक्टर्स में हेली सेवाएं चलाई जायेंगी।
प्राथमिक चरण में इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर, भोपाल से मढ़ई एवं पचमढ़ी तथा जबलपुर से बांधवगढ़ एवं कान्हा जैसे प्रमुख स्थलों तक हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जाएंगी।
तीन सेक्टर में पीएमश्री हेली सर्विस शुरू
शुरुआती चरण में प्रदेश के 3 सेक्टर में पीएमश्री हेली सर्विस शुरू की जा रही है। भोपाल से मढ़ई-पचमढ़ी, इंदौर से उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर पर पर्यटकों को हेलीकॉप्टर सुविधा मिलेगी। अभी भोपाल से सड़क मार्ग से पचमढ़ी जाने में साढ़े 5 घंटे लगते है, लेकिन नई पीएमश्री हेली सर्विस से पर्यटक सिर्फ 45 से 50 मिनट में पचमढ़ी पहुंच सकेंगे। पीएमश्री पर्यटन हेली सर्विस जबलपुर से कन्हा और बांधवगढ़ को लिंक करेगी। इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा से एक दिन में दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन हो जाएंगे। बाबा महाकाल की नगरी में प्रदेश का 9वां एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश इंट्रा स्टेट एयर सर्विस , मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार इंट्रा स्टेट एविएशन सर्विस की शुरुआत हुई है। रीवा से इंदौर के बीच 20 नवंबर से इंडिगो की सीधी हवाई सुविधा मिलेगी। रीवा से दिल्ली हवाई सेवा भी पूर्वी मध्यप्रदेश के लिए अद्भुत सौगात है। हमारी सरकार बनने के बाद प्रदेश में 3 नए एयरपोर्ट रीवा, सतना और दतिया में शुरू किए गए। बदलते दौर में रीवा तेजी से विकास करने वाला नगर बना है।
पीएमश्री एंबुलेंस देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश में संचालित हो रही हैं। एयर एंबुलेंस के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों को बेहतर इलाज उपलब्ध हो रहा है। आयुष्मान कार्ड से नागरिकों को नि:शुल्क एयर एंबुलेंस सर्विस सेवा का लाभ ले रहे हैं। गैर आयुष्मान कार्ड धारकों को पेड सर्विस भी दी जा रही है। सतना जैसे छोटे शहरों को भी हवाई सेवा से जोड़ा गया है। यहां से छोटे प्लेन संचालित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी एयरपोर्ट वास्तुशिल्प के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उज्जैन में बनने वाले एयरपोर्ट की संरचना में बाबा महाकाल की कृति नजर आएगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी के 11 साल के शासनकाल में देश में एयरपोर्ट की संख्या दोगुना हो गई है।
शाजापुर में हेलीकॉप्टर की मदद से कृष्ण मृग को पकड़कर गांधीसागर, कान्हा और कूनो अभ्यारण्य में छोड़ा गया है।
