रायपुर 4 नवंबर 2025 / ETrendingIndia / Farmers get Rs 1 as insurance amount: Union Minister Shivraj Singh Chouhan takes a tough stand on crop insurance irregularities / फसल बीमा योजना अनियमितता , किसानों की शिकायतों पर गंभीर रुख अपनाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सामने आ रही अनियमितताओं की गहराई से जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “फसल बीमा योजना कोई मजाक नहीं है, इसे मजाक बनने नहीं दूंगा।”
सीहोर जिले के कुछ किसानों के उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कई किसानों को फसल बीमा कराने के बावजूद नुकसान दिखाया गया ‘जीरो लॉस’, और क्लेम मिला सिर्फ 1 रुपये। एक किसान का नुकसान 0.004806 प्रतिशत बताया गया, वहीं एक अन्य को भी मात्र 1 रुपये का भुगतान हुआ। मंत्री ने सवाल उठाया कि “क्या यह किसानों के साथ अन्याय नहीं है?”
बैठक में महाराष्ट्र के कृषि आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि और प्रभावित किसान भी वर्चुअल रूप से जुड़े। कुछ किसानों ने बताया कि उन्हें 5 या 21 रुपये तक के क्लेम मिले हैं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों से कड़े शब्दों में पूछा कि इतनी नगण्य राशि का भुगतान आखिर क्यों हुआ।
श्री चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सीईओ को आदेश दिए कि सभी ऐसे मामलों की फील्ड जांच की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि किसानों को इतनी कम राशि क्यों मिली। उन्होंने निर्देश दिया कि रिमोट सेंसिंग के जरिए नुकसान आकलन की प्रामाणिकता की वैज्ञानिक जांच की जाए और गाइडलाइन में जरूरी संशोधन पर विचार हो।
उन्होंने कहा कि राज्यों को अपनी सब्सिडी राशि समय पर जमा करनी चाहिए, ताकि किसानों को क्लेम भुगतान में देरी न हो। देर करने वाले राज्यों से 12 प्रतिशत ब्याज वसूला जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसानों को वास्तविक क्लेम मिले, पारदर्शिता बनी रहे और बीमा कंपनियों की जवाबदेही तय हो।
