रायपुर 5 नवम्बर 2025/ ETrendingIndia / Political tension in West Bengal over SIR: Mamata warns: “I will give my life, but I will not let anyone take away my rights.” / ममता बनर्जी SIR विवाद , पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी तनाव तेज हो गया। मंगलवार को एसआईआर के पहले दिन तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता की सड़कों पर उतरकर विशाल विरोध मार्च का नेतृत्व किया, वहीं भाजपा ने इसके समर्थन में अलग से जुलूस निकाला।
रेड रोड से शुरू होकर जोड़ासांकों के ठाकुरबाड़ी तक करीब 3.8–4 किलोमीटर लंबा यह पैदल मार्च हजारों तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ हुआ। ममता के साथ पार्टी के नेता, मंत्री तथा उनके सांसद भतीजे और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी दिखाई दिए। विरोध मार्च में लोग हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर एसआईआर के खिलाफ अपने रोष का प्रदर्शन कर रहे थे।
ममता ने मंच से आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और केंद्र की मिलीभगत से भाजपा लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीने जाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कड़ा इशारा करते हुए कहा, “मैं जान दे दूंगी, लेकिन किसी का भी अधिकार छीनने नहीँ दूँगी।” ममता ने चेतावनी दी कि यदि एक भी वैध मतदाता का नाम कटता है तो वे दिल्ली जाकर बड़े आंदोलन और घेराव का रास्ता अपनाएंगी। उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर अदालत तक लड़ाई जारी रहेगी।
वहीं भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने एसआईआर के समर्थन में उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में जुलूस निकाला और इसकी जरूरत बताते हुए कहा कि इससे घुसपैठियों की पहचान हो सकेगी।
हुगली के सिंगुर में भाजपा के किए गए समर्थन सम्मेलन पर कथित हमले के आरोप भी लगे; भाजपा ने कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात कही जबकि तृणमूल ने इन आरोपों का खंडन किया।
टीएमसी ने यह भी दावा किया कि एसआईआर के डर से बंगाल में सात लोगों की मौतें हुई हैं। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह मुद्दा इतना गंभीर है कि वे दिल्ली में बड़े विरोध प्रदर्शन के लिए जनता को तैयार रहने को कह रहे हैं।
ममता बनर्जी SIR विवाद , ममता ने केंद्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर मतदाता सूची में गड़बड़ी है तो पिछले वर्षों में केंद्र किस वोटर सूची से सत्ता में आयी। उन्होंने कहा कि बंगाल किसी से डरता नहीं और किसी भी तरह की धमकी-चमकी बर्दाश्त नहीं होगी।
