रायपुर,12 जून 2026/ ETrendingIndia / “The US launched a heavy bombardment on Iran, and Iran targeted Gulf countries” अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी नियंत्रण और अमेरिकी नाकाबंदी से हालात बिगड़ रहे हैं।
अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने बताया कि सेना ने गुरुवार तड़के ईरान में कई ठिकानों पर अतिरिक्त आत्मरक्षा हमले किए हैं। ईरान के कई क्षेत्रों में धमाके सुने गए हैं। इस पर ईरानी सेना ने खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर जवाब दिया है।
सेंटकॉम ने एक बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी सेना ने पूरे ईरान में ईरानी सेना की निगरानी क्षमताओं, संचार प्रणालियों और एयर डिफ़ेंस साइटों पर हमले किए।
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, वायुसेना और नौसेना ने उन ईरानी ठिकानों पर सटीक निशाना साधने वाले हथियार दागे, जिनसे सेना और इलाके के पानी से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक जहाज़ों को खतरा था।
कमान ने बताया कि ये हमले ईरान की बिना वजह और लगातार जारी आक्रामकता के जवाब में किए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लामिक देश के सिरिक और मीनाब में विस्फोटों की खबरें सामने आईं है, जबकि दक्षिणी ईरान के कुछ हिस्सों में हवाई रक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। यहां के बंदर अब्बास, केशम द्वीप और गोरगन सहित कई अन्य स्थानों पर भी विस्फोटों की सूचना दी गई है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान को तनाव बढऩे से पहले समझौता करने को कहा था, जिसके बाद ये हमले शुरू हुए हैं।
ईरान ने अमेरिकी हमलों के जवाब में खाड़ी देशों में उसके सैन्य ठिकानों को निशाने पर लिया है।
ईरानी सेना ने कुवैत और बहरीन में तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जबकि जॉर्डन के मुवफ्फक साल्टी एयरबेस पर शक्तिशाली विस्फोट किए। मुवफ्फक साल्टी एयरबेस पर अमेरिकी सैन्यकर्मी तैनात रहते हैं और क्षेत्र में अमेरिकी अभियानों का समर्थन करते हैं।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने चेतावनी दी कि युद्ध इस क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा।
दक्षिणी ईरान में अमेरिकी हमलों के बाद, ईरान के शीर्ष सैन्य कमान ने गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की।
उसने कहा कि तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों सहित सभी प्रकार के जलमार्गों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और चेतावनी दी कि इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने का प्रयास करने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जाएगा।
सेंटकॉम ने इसका खंडन करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में आना-जाना जारी रखे हुए हैं।
