रायपुर 3 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / अंडमान निकोबार पर्यटन विकास , केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने श्री विजयपुरम में अंडमान-निकोबार प्रशासन की ₹373 करोड़ की 11 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, जिला अस्पताल, फॉरेंसिक साइंस लैब सहित कई आधारभूत योजनाएं शामिल हैं।
श्री शाह ने कहा कि अंडमान- निकोबार केवल द्वीप समूह नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पावन तीर्थभूमि है। सेलुलर जेल में स्थापित वीर सावरकर स्मारक और प्रज्ज्वलित मशाल स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग की वैश्विक पहचान बन चुकी है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा द्वीपों को ‘शहीद’ और ‘स्वराज’ नाम देना नेताजी सुभाषचंद्र बोस को सच्ची श्रद्धांजलि है।
पर्यटन की दृष्टि से अंडमान- निकोबार को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सरकार इसे वैश्विक स्कूबा डाइविंग और एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है। स्वच्छ समुद्र, प्रवाल भित्तियाँ, हरित वन और सैकड़ों खूबसूरत द्वीप इसे देश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में शामिल करते हैं।
ग्रेट निकोबार परियोजना से यह क्षेत्र भविष्य में वैश्विक कार्गो हब, प्रमुख पर्यटन केंद्र और सामरिक सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनेगा। पर्यावरण संरक्षण के साथ 24 लाख वृक्षारोपण और श्री विजयपुरम में 98% घरों से कचरा संग्रहण जैसी पहलें सतत पर्यटन को मजबूती दे रही हैं।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह अब भारत की समुद्री शक्ति, ब्लू इकोनॉमी और पर्यटन विकास का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है।
