Share This Article

रायपुर, 25 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग के अंतर्गत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने 20 नवंबर को वाराणसी में ‘हितधारकों के साथ संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में निर्यातकों और सरकारी एजेंसियों ने भाग लिया तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।

इनमें निर्यात सुविधा, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, बाजार तक पहुँच, नियामकीय आवश्यकताएँ और संस्थागत सहयोग शामिल थे।

एपीडा के अधिकारियों ने प्रतिभागियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विचार किया और निर्यात संबंधी चुनौतियों के समाधान तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में क्षेत्रीय निर्यातकों की अधिक भागीदारी को सुगम बनाने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

एपीडा के अध्यक्ष श्री अभिषेक देव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली निर्यात खेप को वर्चुअल माध्यम से कतर के लिए रवाना करना रहा।

मेसर्स श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स द्वारा निर्यात की गई इस खेप में 63 मीट्रिक टन फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियाँ शामिल हैं। यह खेप फर्रुखाबाद से भेजी गई और आगे दोहा, कतर पहुँचाने के लिए न्हावा शेवा बंदरगाह के माध्यम से रवाना की गई।

यह पहली निर्यात खेप उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात उत्पादों में विविधता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, विशेष रूप से मूल्यवर्धित और फ्रोजन खाद्य उत्पादों के क्षेत्र में।

फर्रुखाबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में सब्जियों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण की व्यापक संभावनाएँ हैं। यह निर्यात क्षेत्रीय कृषि उत्पादन को खाद्य प्रसंस्करण सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं से जोड़ने की क्षमता को प्रदर्शित करता है।

इससे किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), प्रसंस्करणकर्ताओं और निर्यातकों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।


Share This Article
Advertisement Carousel