रायपुर 21 अक्टूबर 2025 / ETrendingIndia / Hindi cinema loses legendary comedian: Actor Asrani passes away at 84 / असरानी का निधन , बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और हास्य कलाकार। असरानी का निधन हो गया है। उन्होंने 20 अक्टूबर, दिवाली के दिन, 84 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।
असरानी पिछले कुछ समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे और मुंबई के आरोग्य निधि अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
गोवर्धन असरानी के नाम से पहचाने जाने वाले यह बहुमुखी कलाकार हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा चेहरों में से एक थे, जिन्होंने हास्य से लेकर गंभीर भूमिकाओं तक हर किरदार में अपनी अमिट छाप छोड़ी।
“शोले” के जेलर की भूमिका से लेकर “चितचोर”, “आ अब लौट चलें”, “हरे रामा हरे कृष्णा” जैसी फिल्मों में उनके संवाद और अदाकारी आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं।
करीब छह दशक लंबे करियर में असरानी ने 350 से अधिक फिल्मों में काम किया और कई पीढ़ियों को हंसाया। दिवाली जैसे पर्व पर उनका यूं अचानक जाना फिल्म जगत और प्रशंसकों के लिए एक गहरा सदमा है। उनके चहेरे पर हमेशा रहने वाली मुस्कान और बेमिसाल कॉमिक टाइमिंग को अंतिम सलाम ।
